रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों में जब्त प्रतिबंधित मादक पदार्थों का गुरुवार को सिलतरा स्थित जायसवाल NECO प्लांट में विधिसम्मत नष्टीकरण किया गया। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश, एनडीपीएस अधिनियम और केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में संपन्न हुई।
पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त (उरला) पूर्णिमा लामा, आबकारी विभाग के उपायुक्त डॉ. प्रवीण वर्मा तथा संबंधित थाना प्रभारियों की मौजूदगी में कुल 43 एनडीपीएस प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया गया।

कार्रवाई के दौरान 160.722 किलोग्राम गांजा, 100 ग्राम डोडा चूरा, 236 ग्राम अफीम, 2,734 प्रतिबंधित टैबलेट और 503 प्रतिबंधित कफ सिरप को सिलतरा स्थित NECO प्लांट के फर्नेस में पर्यावरणीय मानकों और वैधानिक प्रावधानों का पालन करते हुए नष्ट किया गया।
रायपुर पुलिस ने कहा कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। जब्त नशीले पदार्थों का समयबद्ध नष्टीकरण उनके दोबारा अवैध उपयोग की संभावना को समाप्त करने और समाज को नशामुक्त एवं सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
