रायपुर। बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 31 अक्टूबर 2026 को सालेम इंग्लिश स्कूल के ऑडिटोरियम में ‘सुरक्षित बचपन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को व्यक्तिगत सुरक्षा, बाल अधिकारों और साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। वक्ताओं ने कहा कि बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने के लिए ऐसे कार्यक्रम आज के समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अमित कुमार राठौर थे। इस अवसर पर एडीशनल डिस्ट्रिक्ट जज अजय कुमार खाखा, पुलिस विभाग के प्रतिनिधि, बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) से पुरुषोत्तम चंद्राकर तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पैरालीगल वॉलंटियर लोमिन साहू सहित अन्य सम्मानित अधिकारी उपस्थित रहे।


कार्यक्रम के दौरान बच्चों को सरल भाषा में गुड टच और बैड टच के बीच अंतर समझाया गया। साथ ही स्कूल, घर से स्कूल आने-जाने के रास्ते तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अनजान व्यक्तियों से सतर्क रहने और अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने की व्यवहारिक जानकारी दी गई।
बच्चों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए मोबाइल, कंप्यूटर, इंटरनेट और डिजिटल नेटवर्क के सुरक्षित उपयोग के बारे में बताया गया। उन्हें ऑनलाइन ठगी, साइबर उत्पीड़न तथा अन्य डिजिटल खतरों से बचने के लिए सावधानी बरतने की सीख दी गई।
वक्ताओं ने बच्चों को संदेश दिया कि यदि कोई व्यक्ति उन्हें असहज महसूस कराए या उनके साथ अनुचित व्यवहार करे, तो वे बिना डरे अपने माता-पिता, शिक्षकों, प्राचार्या अथवा पुलिस को तत्काल इसकी जानकारी दें। बच्चों को अपनी समस्याएं खुलकर साझा करने और जरूरत पड़ने पर मदद मांगने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया।
विद्यालय की प्राचार्या रूपिका लॉरेंस के निर्देशन में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर सीजी बोर्ड की प्रभारी प्राचार्या के.के. सिंह सहित विद्यालय की शिक्षिकाएं एवं शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन महिमा पॉल ने किया।
