रायपुर में सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित, रोड सेफ्टी क्लब का गठन और सीपीआर की ट्रेनिंग
रायपुर। सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए आम नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सुरक्षित भव फाउंडेशन के तत्वावधान में सोमवार को विशेष सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रोड सेफ्टी क्लब का गठन भी किया गया और सीपीआर (CPR) की ट्रेनिंग दी गई।
यह कार्यक्रम 16 मार्च 2026 को दोपहर 3 बजे आयोजित किया गया, जिसमें स्वास्थ्य विभाग रायपुर, रेड क्रॉस सोसाइटी और पुलिस कमिश्नरेट की ट्रैफिक टीम ने सहयोग किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों, खासकर युवाओं और विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों, सुरक्षित ड्राइविंग और दुर्घटना की स्थिति में प्राथमिक उपचार की जानकारी देना था।
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व, तेज रफ्तार से वाहन चलाने के खतरों और सड़क दुर्घटना होने पर तुरंत उठाए जाने वाले जरूरी कदमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सतीश ठाकुर, रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रतिनिधि डॉ. सार्थक नंद और उनकी टीम, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. वैभव शर्मा सहित सुरक्षित भव फाउंडेशन के चेयरमैन संदीप धुप्पड़, डायरेक्टर केशव राव, डिप्टी डायरेक्टर और अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने सड़क सुरक्षा के महत्व पर अपने विचार साझा किए और समाज में सुरक्षित यातायात संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए नागरिकों को प्रेरित किया।
इस अवसर पर सड़क दुर्घटना के दौरान लोगों की मदद करने वाले नागरिकों का सम्मान भी किया गया। साथ ही युवाओं और आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति लगातार सक्रिय रखने के उद्देश्य से रोड सेफ्टी क्लब का औपचारिक गठन किया गया। यह क्लब समय-समय पर जागरूकता अभियान, प्रशिक्षण कार्यक्रम और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगा।
सुरक्षित भव फाउंडेशन ने नागरिकों, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों से सड़क सुरक्षा के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए आगे आने की अपील की है।






