रायपुर। शहर में बढ़ते ट्रैफिक जाम से लोगों को राहत दिलाने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को 10 नए आधुनिक वाहनों से सुसज्जित किया है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने शनिवार को इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रवाना करने से पहले पुलिस कमिश्नर ने शहर के जाम प्रभावित प्रमुख स्थानों की समीक्षा की और अधिकारियों से फीडबैक लेकर QRT टीमों को निर्देश दिए कि ट्रैफिक जाम की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था बहाल करें, ताकि आम नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

यातायात पुलिस के अनुसार, नई QRT टीमों को आधुनिक संसाधनों और आवश्यक उपकरणों से लैस किया गया है। ये टीमें ट्रैफिक जाम, सड़क दुर्घटना और अन्य यातायात संबंधी बाधाओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान करने में सक्षम होंगी।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि शहर में कहीं भी ट्रैफिक जाम की स्थिति बने तो वे यातायात हेल्पलाइन 94792 10632 पर तुरंत सूचना दें। सूचना मिलते ही निकटतम QRT टीम मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु करने की कार्रवाई करेगी।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले, पुलिस उपायुक्त (क्राइम) स्मृतिक राजनाला, पुलिस उपायुक्त (यातायात) विवेक शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात दौलत राम पोर्ते, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मुख्यालय अर्चना झा, सहायक पुलिस आयुक्त सुरेंद्र साय पैकरा, रमेश येरेवार, सतीश ठाकुर, सीमा अहिरवार सहित यातायात पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

