रायपुर। प्रधानमंत्री आवास के बाहर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और विपक्षी नेताओं के प्रदर्शन को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासत शुरू हो गई है। केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने कांग्रेस और विपक्ष पर NEET मुद्दे को लेकर लोगों को गुमराह करने और देश का ध्यान भटकाने का आरोप लगाया है। वहीं मंत्री ओपी चौधरी ने कांग्रेस पर राजनीतिक लाभ के लिए प्रदर्शन करने का आरोप लगाया है।
तोखन साहू ने कहा कि कांग्रेस और विपक्ष के नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ लगातार आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदर्शन के दौरान बस और रेल को नुकसान पहुंचाना तथा सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंचाना क्या सही है? उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों की ओर से आरएसएस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ गाली-गलौज की जा रही है।
नीच मानसिकता को दर्शाती है कांग्रेस की भाषा : तोखन साहू
कांग्रेस ने पीएम मोदी को जनरल डायर बताया है। इस पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा, PM मोदी से कांग्रेसी और विपक्ष के नेता नफरत करते हैं। इसी वजह से उनके खिलाफ लगातार बयानबाजी कर रहे हैं। कांग्रेसी मोदी के खिलाफ गाली गलौज में उतर आए हैं। कांग्रेस की भाषा नीच मानसिकता को दर्शाती है।
डूबती पार्टी को बचाने की कोशिश कर रहे राहुल गांधी : ओपी चौधरी
वहीं मंत्री ओपी चौधरी ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपनी डूबती हुई पार्टी और डूबते हुए परिवार को बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। NEET को लेकर जो भी हुआ, उसे ठीक करने के प्रयास किए गए हैं और सरकार इस मामले को लेकर प्रतिबद्ध एवं गंभीर है। ओपी चौधरी ने कांग्रेस पर राजनीतिक लाभ के लिए प्रदर्शन करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस केवल राजनीतिक लाभ हासिल करने के लिए नौटंकी कर रही है।
