रायपुर। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के महिला चेम्बर की प्रथम आम सभा 6 अक्टूबर को न्यू बॉम्बे मार्केट स्थित चेम्बर भवन (चै. देवीलाल व्यापार उद्योग भवन) में उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के मार्गदर्शन और महिला चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इला गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और महिला व्यापारियों को नए अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने महिला चेम्बर के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाएं अब परिवार की जिम्मेदारियों के साथ व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में भी अपनी मजबूत पहचान बना रही हैं। उन्होंने महिला सुरक्षा, कार्यस्थल पर अनुकूल वातावरण, आत्मनिर्भरता और व्यापारिक चुनौतियों से निपटने को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
महिला चेम्बर की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इला गुप्ता ने अतिथियों और प्रदेशभर से पहुंची महिला उद्यमियों का स्वागत करते हुए कहा कि महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता समाज और देश की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि महिला चेम्बर का उद्देश्य महिलाओं को एकजुट कर उन्हें व्यापारिक अवसर, सुरक्षा और सहयोग का मजबूत मंच उपलब्ध कराना है।
चेम्बर सलाहकार एवं महिला चेम्बर प्रभारी तिलोकचंद बरडिया ने कहा कि महिला चेम्बर की पहल छत्तीसगढ़ के व्यापारिक परिदृश्य में नए युग की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि चेम्बर प्रबंधन महिला उद्यमियों, छोटे कारोबारियों और स्टार्टअप्स को व्यापारिक, प्रशासनिक एवं रणनीतिक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
महिला उद्यमियों के लिए कई अभियान
आम सभा में महिला चेम्बर की ओर से चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों की जानकारी भी दी गई। ‘मेरे सपनों का आंगन’ के जरिए महिलाओं के घरेलू व्यावसायिक विचारों को कारोबार में बदलने, ‘वात्सल्य से उदित उदया’ के माध्यम से महिलाओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा और समाज निर्माण तथा ‘पैसा बोलता है’ अभियान के जरिए वित्तीय साक्षरता और बिजनेस मैनेजमेंट को बढ़ावा दिया जा रहा है।
इन अभियानों के माध्यम से गृह उद्योगों तथा छोटे और मध्यम MSME से जुड़े महिला उद्यमियों के उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने और उन्हें नए व्यावसायिक मंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
डॉ. इला गुप्ता ने कहा कि प्रथम आम सभा ने महिला चेम्बर के सदस्यों में नई ऊर्जा और संकल्प पैदा किया है। उन्होंने चेम्बर पदाधिकारियों, सामाजिक संस्थाओं, विभिन्न महिला संगठनों और आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम में रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से महिला उद्यमी, स्टार्टअप संस्थापक, व्यापारी, सामाजिक संगठनों की प्रतिनिधियां और चेम्बर पदाधिकारी शामिल हुए। दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव और बिलासपुर समेत विभिन्न इकाइयों की महिला चेम्बर अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों की भी मौजूदगी रही।
