रायपुर। दीपावली के पावन अवसर पर मानव सेवा और सामाजिक सरोकारों की मिसाल पेश करते हुए वरिष्ठ समाजसेवी एवं छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के प्रमुख मार्गदर्शक मातादीन अग्रवाल ने जरूरतमंद परिवारों को कंबल वितरित किए। उन्होंने संगठन द्वारा संचालित ‘श्री अग्रसेन सांझा चूल्हा’ योजना के सभी हितग्राही परिवारों को बेहतर गुणवत्ता वाले कंबल भेंट किए।
सेवा कार्य के तहत मातादीन अग्रवाल ने अपना घर आश्रम, गोढ़ी (रायपुर) में भी कंबल वितरित किए। वहीं, रायगढ़ स्थित अपना घर आश्रम के जरूरतमंदों के लिए भी कंबल भेजने की व्यवस्था की गई है।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन द्वारा संचालित ‘श्री अग्रसेन सांझा चूल्हा’ सेवा प्रकल्प के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को निर्धारित सहयोग राशि पर दैनिक उपयोग की राशन सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को सम्मानपूर्वक सहायता प्रदान करना और समाज में सहयोग एवं संवेदना की भावना को मजबूत करना है।
इस अवसर पर संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल ने मातादीन अग्रवाल के सेवाभावी योगदान की सराहना करते हुए कहा कि दीपावली का वास्तविक आनंद दूसरों के जीवन में खुशियों और आशा का प्रकाश फैलाने में है। उन्होंने कहा कि मातादीन अग्रवाल ने जरूरतमंदों को कंबल देकर न केवल ठंड से बचाव का साधन उपलब्ध कराया, बल्कि उन्हें समाज के स्नेह, सम्मान और अपनत्व का एहसास भी कराया है।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि भगवान श्री अग्रसेन जी के एक ईंट-एक रुपया के सिद्धांत से प्रेरित होकर संगठन लगातार सेवा कार्यों का विस्तार कर रहा है। समाज के समर्थ और संवेदनशील लोगों का सहयोग ही इन अभियानों की सबसे बड़ी ताकत है।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन परिवार ने मातादीन अग्रवाल का अभिनंदन करते हुए उनके स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की कामना की। साथ ही समाज के सक्षम एवं सेवाभावी नागरिकों से इस सेवा अभियान से जुड़कर जरूरतमंद परिवारों की मदद करने की अपील की।
संगठन ने कहा कि सेवा ही सबसे बड़ा धर्म और मानवता ही सबसे बड़ी पूजा है।
