रायपुर। रायपुर में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण के मुद्दे को लेकर एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, रायपुर नगर को ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की। यह ज्ञापन रायपुर उत्तर विधानसभा एनएसयूआई के उपाध्यक्ष आशीष बाजपाई के नेतृत्व में दिया गया।
ज्ञापन में बताया गया कि थाना तेलीबांधा क्षेत्र में संचालित Piano Project, Rasta Restaurant और नवा रायपुर स्थित Else Where Cafe सहित कई खुले क्षेत्र में चल रहे क्लब और रेस्टोरेंट रात 10 बजे के बाद भी तेज आवाज में डीजे और संगीत चला रहे हैं। इसे सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों और Noise Pollution (Regulation and Control) Rules, 2000 का उल्लंघन बताया गया है।
एनएसयूआई पदाधिकारियों ने कहा कि इस तरह के ध्वनि प्रदूषण से स्थानीय निवासियों, खासकर बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से इस पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है।
आशीष बाजपाई ने कहा कि रात 10 बजे के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर सख्ती से प्रतिबंध लागू किया जाए और नियम तोड़ने वाले संस्थानों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही क्षेत्र में नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की भी मांग की गई।
एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन आम नागरिकों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगा।
इस मौके पर जिला सचिव खुशराज ढील्लन, महाविद्यालय अध्यक्ष अनिकेत महतो, महासचिव साहिल राजा समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
