रायपुर। भारतीय डाक विभाग की ओर से 9 से 15 अक्टूबर 2026 तक राष्ट्रीय डाक सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके तहत छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल के सभी संभागीय कार्यालयों में प्रतिदिन अलग-अलग विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को डाक विभाग की विभिन्न सेवाओं, बचत योजनाओं, डाक जीवन बीमा, मेल्स एवं पार्सल सेवाओं और नई तकनीकों के बारे में जागरूक किया जा रहा है।
राष्ट्रीय डाक सप्ताह की शुरुआत 9 अक्टूबर को विश्व डाक दिवस के साथ हुई। विश्व डाक दिवस वर्ष 1874 में यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन (UPU) की स्थापना की वर्षगांठ के अवसर पर मनाया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों और व्यवसायों के दैनिक जीवन के साथ-साथ सामाजिक एवं आर्थिक विकास में डाक सेवाओं की भूमिका के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस वर्ष विश्व डाक दिवस की थीम “One Postal Network, Infinite Possibilities” रखी गई है।
अलग-अलग दिनों में होंगे विषयवार कार्यक्रम
9 अक्टूबर – विश्व डाक दिवस: इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के प्रमुख डाकघरों में बैनर और पोस्टर प्रदर्शित किए गए। थीम के अनुरूप जागरूकता रैली निकाली गई और रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया।
12 अक्टूबर – फन विद फिलाटेली दिवस: इस दिन स्कूली बच्चों के लिए डाक टिकट संग्रहालय भ्रमण, प्रश्नोत्तरी, दीनदयाल स्पर्श योजना और ‘ढाई आखर’ पत्र लेखन प्रतियोगिता के संबंध में जागरूकता सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। डाक टिकट संग्रहकर्ताओं के साथ समूह चर्चा और कार्यशालाएं भी आयोजित की जा रही हैं। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ परिमंडल स्तर पर ‘Waterfalls of Chhattisgarh’ विषय पर विशेष कैंसलेशन कैशेट जारी किया गया। इसी दिन छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल की ओर से प्रेस वार्ता भी आयोजित की गई, जिसमें प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार शामिल हुए।
13 अक्टूबर – वित्तीय समावेशन एवं नागरिक केंद्रित सेवा दिवस: इस दिन प्रत्येक उपसंभागीय स्तर पर डाक चौपाल आयोजित की जाएगी। इसमें डाकघर की विभिन्न बचत योजनाओं, डाक जीवन बीमा, ग्रामीण डाक जीवन बीमा और आधार सेवाओं से संबंधित शिविर लगाए जाएंगे। इन गतिविधियों का मुख्य फोकस ग्रामीण, जनजातीय और पिछड़े क्षेत्रों पर रहेगा। साथ ही रिफॉर्म उत्सव से संबंधित गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
14 अक्टूबर – मेल्स एवं पार्सल्स दिवस: ग्राहकों के साथ संवाद के लिए ग्राहक मिलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें डाक विभाग की मेल्स एवं पार्सल सेवाओं की जानकारी देने के साथ ग्राहकों की समस्याओं और सुझावों पर चर्चा होगी। इसके अलावा संबंधित एचआरओ और एसआरओ इकाइयों में सॉर्टिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
15 अक्टूबर – प्रौद्योगिकी एवं नवाचार दिवस: इस दिन डाकघरों में लागू नई तकनीकों पर प्रश्नोत्तरी आयोजित की जाएगी। डाक विभाग की विभिन्न सेवाओं और राष्ट्रीय डाक सप्ताह की थीम के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए प्रभात फेरी भी निकाली जाएगी।
सेवाओं में सुधार के लिए ग्राहकों से लिए जाएंगे सुझाव
राष्ट्रीय डाक सप्ताह के आयोजन का उद्देश्य डाक विभाग की नवीनतम सेवाओं को आम जनता तक पहुंचाना और ग्राहकों को उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक करना है। इस दौरान विभिन्न संभागों में ग्राहक मिलन सम्मेलनों के माध्यम से लोगों से संवाद किया जाएगा। ग्राहकों से प्राप्त सुझावों और समस्याओं के आधार पर डाक विभाग अपनी सेवाओं और सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास करेगा।
