रायपुर। आगामी 09 मई 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही राज्य के सभी विधिक सेवा प्राधिकरण माननीय सर्वोच्च न्यायालय में आयोजित होने वाले “समाधान समारोह” (विशेष लोक अदालत) की तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
आम जनता तक न्याय सुलभ बनाने तथा आपसी सहमति के आधार पर विवादों के समाधान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारत के सर्वोच्च न्यायालय द्वारा “समाधान समारोह विशेष लोक अदालत 2026” का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन मई माह से प्रारंभ होकर 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत के माध्यम से संपन्न होगा।
सर्वोच्च न्यायालय परिसर में आयोजित इस विशेष लोक अदालत में सुप्रीम कोर्ट में लंबित उपयुक्त मामलों को शामिल किया जाएगा। इससे पहले राज्य, जिला, तालुका एवं उच्च न्यायालय विधिक सेवा समितियों के मध्यस्थता केंद्रों में प्री-सुलह बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इन बैठकों की प्रक्रिया 21 अप्रैल 2026 से प्रारंभ हो चुकी है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य लंबित मामलों का आपसी सहमति एवं सुलह के माध्यम से त्वरित निष्पादन करना है। अधिवक्ताओं, वादियों एवं सभी संबंधित पक्षों से अपील की गई है कि वे इसमें सक्रिय भागीदारी निभाएं और विवादों को आपसी सहमति से सुलझाने का प्रयास करें। सुलह बैठकों में पक्षकार शारीरिक रूप से या वर्चुअल माध्यम से भी शामिल हो सकते हैं, जहां प्रशिक्षित मध्यस्थ एवं विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी सहयोग प्रदान करेंगे।
अपने मामले को समाधान समारोह विशेष लोक अदालत में शामिल कराने के लिए इच्छुक पक्षकारों को सर्वोच्च न्यायालय की वेबसाइट पर उपलब्ध गूगल फॉर्म भरना होगा, जिसकी अंतिम तिथि 31 मई 2026 निर्धारित की गई है।
अधिक जानकारी के लिए समाधान समारोह हेतु स्थापित वन स्टॉप सेंटर (वार रूम) से संपर्क किया जा सकता है। इसके लिए फोन नंबर 011-23115652, 011-23116464 उपलब्ध हैं। इसके अलावा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायपुर (जिला न्यायालय परिसर) के फोन नंबर 0771-2425944 और 8301508992 पर भी संपर्क कर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
