जशपुर। भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह के प्रथम छत्तीसगढ़ आगमन पर जशपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उनके साथ झारखंड के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय भी जशपुर पहुंचे। गिरांग मोड़ से बालाछापर स्थित सरना रिसोर्ट तक भाजपा पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं का स्वागत किया।

सरना रिसोर्ट में कर्मवीर सिंह ने जिला भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने संगठन की गतिविधियों को लेकर कार्यकर्ताओं से संवाद किया। पवन साय भी इस दौरान मौजूद रहे। दोनों संगठन महामंत्रियों ने कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करते हुए संगठनात्मक समन्वय पर चर्चा की।
इस दौरान वडनगर, गुजरात से बनारस के लिए निकली युवा मोर्चा की सेवा ज्योति रथ यात्रा के यात्रियों से भी कर्मवीर सिंह और पवन साय ने मुलाकात की। उन्होंने रथ यात्रियों से परिचय प्राप्त कर अभियान से जुड़े विषयों पर संवाद किया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री राजेश अग्रवाल, प्रदेश भाजपा महामंत्री अखिलेश सोनी, धमतरी महापौर रामू रोहरा, पूर्व राज्यसभा सांसद राजा रणविजय सिंह जूदेव, गुजरात प्रदेश की सह प्रभारी एवं पत्थलगांव विधायक गोमती साय, जशपुर विधायक रायमुनी भगत, भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह, पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय और भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
इसके अलावा पूर्व जिलाध्यक्ष नरेश नंदे, बलरामपुर जिला प्रभारी ओम प्रकाश सिन्हा, अंबिकापुर जिला सह प्रभारी सुनील गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला महामंत्री मनीष अग्रवाल और उपेंद्र यादव समेत विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए।
कर्मवीर सिंह के प्रथम छत्तीसगढ़ आगमन पर जशपुर में जिला से लेकर मंडल स्तर तक कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। स्वागत कार्यक्रम के साथ संगठन महामंत्री ने स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद कर संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी ली।
