रायपुर। झीरम घाटी हत्याकांड मामले को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने आज बैठक आयोजित कर तीन बड़े निर्णय लिए। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा, इस मामले को लेकर कांग्रेस आलाकमान से समय लेकर वरिष्ठ नेताओं के साथ मुलाकात करेंगे। पीड़ित परिवारों के साथ दिल्ली में कांग्रेस बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी। इसके अलावा कांग्रेस NIA कोर्ट के फैसले के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ेगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि इस फैसले से पीड़ित और शहीद परिवार संतुष्ट नहीं है। परिवार लंबे समय से न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं, लेकिन फैसले के बाद भी उनके आंसू नहीं थमे। बैज ने बताया कि NIA कोर्ट के फैसले के बाद कांग्रेस ने पीड़ित परिवारों और शहीद परिवारों से चर्चा की। बैठक में फैसले को लेकर गंभीर मंथन किया गया। बस्तर और छत्तीसगढ़ की जनता भी इस फैसले से खुश नहीं है।
केवल कार्रवाई का दिखावा नहीं होनी चाहिए
बैज ने कहा NIA कोर्ट के फैसले में नक्सल संगठन के निचले स्तर पर काम करने वाले और सूचना तंत्र के रूप में भूमिका निभाने वाले लोगों पर ही कार्रवाई हुई है। झीरम जैसे बड़े मामले में वास्तविक न्याय होना चाहिए, केवल कार्रवाई का दिखावा नहीं होनी चाहिए। कांग्रेस इस पूरे मामले को आगे भी गंभीरता से उठाएगी। पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कानूनी रास्ते पर विचार किया जाएगा।
पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने उठाएंगे प्रभावी कदम
बैज ने कहा कि कांग्रेस जल्द ही पार्टी के आलाकमान से समय लेकर मुलाकात करेगी और NIA कोर्ट के फैसले को लेकर विस्तार से चर्चा करेगी। इसके अलावा दिल्ली में एक बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर इस मुद्दे को उठाने की भी तैयारी है।उन्होंने कहा कि सभी संबंधित लोगों से चर्चा के बाद वरिष्ठ वकीलों से कानूनी राय ली जाएगी। इसके बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी, ताकि झीरम घाटी के पीड़ित और शहीद परिवारों को न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाया जा सके।
