खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ में दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाइयों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। नवागांव चंडी मंदिर क्षेत्र स्थित साहू होटल में निरीक्षण के दौरान कई खामियां मिलीं। फ्रीजर बंद होने और मिठाइयों के खराब होने की आशंका पर 5 किलो जलेबी नष्ट कराई गई, वहीं मिनी पेड़ा और बालूशाही के नमूने जांच के लिए भेजे गए। आवश्यक सुधार होने तक होटल को बंद करा दिया गया है। दीपावली से पहले विभाग ने मिठाई कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण के दौरान सामने आईं खामियां
दरअसल, नवागांव चंडी मंदिर क्षेत्र स्थित मेसर्स साहू होटल में निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की कमी, कालातीत खाद्य सामग्री के विक्रय और भंडारण जैसी खामियां सामने आईं। फ्रीजर बंद मिला और उसमें रखी खाद्य सामग्री के बासी होने की आशंका के चलते विभाग ने तत्काल 5 किलो जलेबी नष्ट करवा दी।
कार्रवाई यहीं नहीं रुकी और फिर विभागीय टीम ने होटल से मिनी पेड़ा और बालूशाही के नमूने भी जांच के लिए भेजे। साथ ही आवश्यक सुधार होने तक होटल को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया। होटल संचालक को खाद्य लाइसेंस और पंजीयन अद्यतन कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
साफ-सफाई और भंडारण को लेकर खड़े हुए सवाल
दीपावली जैसे बड़े त्योहार से ठीक पहले सामने आई इन खामियों ने खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और मिठाइयों के सुरक्षित भंडारण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर ग्राहकों को बेची जाने वाली मिठाइयों को किस स्थिति में रखा जा रहा था? खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में सामने आई कमियों के बाद अब निगाहें नमूनों की जांच रिपोर्ट और होटल में सुधार की स्थिति पर रहेंगी।
यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा दीपक और कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चन्द्रवाल के निर्देशन, सीएमएचओ डॉ. अनिल शुक्ला और अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पांडेय के मार्गदर्शन में की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक घृतलहरे ने कार्रवाई की जानकारी दी। त्योहार में मिठाई खरीदते समय सतर्क रहें। मिठाइयों की गुणवत्ता, ताजगी और साफ-सफाई पर ध्यान दें। खाद्य सुरक्षा विभाग की यह कार्रवाई त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रखरखाव और निर्धारित मानकों के पालन की अहमियत को रेखांकित करती है।
