रायपुर। IMA-MSN छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से मुलाकात कर मेडिकल विद्यार्थियों और चिकित्सकों के लंबित स्टाइपेंड एवं मानदेय बढ़ोतरी के मुद्दे पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने पिछले एक माह के दौरान इस संबंध में दिए गए ज्ञापनों, पत्रों और विभागीय टिप्पणियों का संकलित दस्तावेज स्वास्थ्य मंत्री को सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल में IMA-MSN छत्तीसगढ़ के चेयरमैन डॉ. संजीव श्रीवास्तव, स्टेट कन्वीनर शाहदिल खुसरू, नेशनल काउंसिल मेंबर डॉ. मुकेश साहू सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल थे।
बैठक में एमबीबीएस इंटर्न, पीजी रेजिडेंट, यूजी बॉन्डेड चिकित्सक और पीजी बॉन्डेड चिकित्सकों के स्टाइपेंड एवं मानदेय से जुड़े लंबित मामलों को प्रमुखता से उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने इन मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह किया।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि एक सप्ताह के भीतर स्टाइपेंड और मानदेय से संबंधित सभी लंबित फाइलें स्वास्थ्य मंत्रालय में प्रस्तुत कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि इस विषय पर जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जा सके।
IMA-MSN छत्तीसगढ़ ने उम्मीद जताई है कि सरकार की इस पहल से मेडिकल कॉलेजों के इंटर्न, रेजिडेंट और बॉन्डेड चिकित्सकों की लंबे समय से लंबित मांगों का समाधान होगा और उन्हें इसका लाभ मिलेगा।
