रायगढ़। जिले के तमनार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आमाघाट में पुलिस ने अवैध अफीम की खेती का बड़ा भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान झारखंड निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।
पुलिस को 19-20 मार्च की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि आमाघाट के खर्राघाट भैर नाला किनारे स्थित जमीन पर अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना पर थाना प्रभारी प्रशांत राव के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके पर छापेमारी की गई।
रेड के दौरान खेत में काम कर रहे दो व्यक्ति भाग निकले, जबकि मार्शल संगा (40 वर्ष), निवासी खूंटी (झारखंड) को मौके से पकड़ लिया गया। जांच में दो खेतों में अफीम की फसल पाई गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों इमानवेल भेंगरा और सीप्रियन भेंगरा के साथ मिलकर अवैध खेती कर रहा था।
मौके पर एफएसएल, आबकारी, कृषि और राजस्व विभाग की टीमों को बुलाकर जांच कराई गई, जिसमें फसल को अफीम होना पुष्टि हुई। पुलिस ने कुल 60,326 अफीम के पौधे (वजन 2,877 किलोग्राम) जब्त किए, जिनकी कीमत करीब 1 करोड़ 90 लाख रुपये आंकी गई है।
इसके अलावा आरोपी के ठिकाने से 3.02 किलोग्राम तैयार अफीम (कीमत लगभग 15.10 लाख रुपये) भी बरामद की गई। इस तरह कुल जब्त मादक पदार्थों की कीमत करीब 2 करोड़ 5 लाख 10 हजार रुपये है।
मामले में आरोपी मार्शल संगा समेत तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(बी) और 18 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन आघात” के तहत जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
