रायपुर। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद–राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान (ICAR-NIBSM), रायपुर का 14वां स्थापना दिवस समारोह 7 अक्टूबर को संस्थान परिसर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान, शिक्षा और अनुसंधान जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों के साथ वैज्ञानिक एवं किसान शामिल होंगे।
समारोह के मुख्य अतिथि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के पूर्व उप महानिदेशक (फसल विज्ञान) डॉ. टी. आर. शर्मा होंगे। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के कुलपति डॉ. गिरिश चंदेल, एमिटी विश्वविद्यालय छत्तीसगढ़ के कुलपति प्रो. पीयूष कांत पांडेय और मैट्स विश्वविद्यालय, रायपुर के कुलपति डॉ. के. पी. यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता NIBSM के निदेशक डॉ. पी. के. राय करेंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत ICAR गीत और दीप प्रज्वलन से होगी। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया जाएगा। निदेशक डॉ. पी. के. राय संस्थान की प्रगति, प्रमुख उपलब्धियों और कृषि में जैविक स्ट्रेस प्रबंधन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी देंगे।
समारोह के दौरान अतिथियों के संबोधन के साथ महत्वपूर्ण प्रकाशनों का विमोचन और पुरस्कार वितरण भी होगा। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण डॉ. टी. आर. शर्मा का विशेष व्याख्यान रहेगा। वे “G2DIS2: Genomics and Gene Discovery Impacting Science and Society” विषय पर व्याख्यान देंगे।
स्थापना दिवस के तहत किसान-वैज्ञानिक संवाद का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें किसान फसलों में कीट, रोग और अन्य जैविक स्ट्रेस से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं पर वैज्ञानिकों से सीधे चर्चा करेंगे। वैज्ञानिक किसानों को इन समस्याओं के वैज्ञानिक प्रबंधन के लिए उपलब्ध नई तकनीकों और समाधान की जानकारी देंगे।
समारोह का समापन शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम और रात्रिभोज के साथ होगा। यह स्थापना दिवस संस्थान की वैज्ञानिक यात्रा और उपलब्धियों को रेखांकित करने के साथ कृषि में जैविक स्ट्रेस प्रबंधन, अनुसंधान, नवाचार, क्षमता निर्माण और किसान-केंद्रित तकनीकी विकास को मजबूत करने का अवसर बनेगा।
कार्यक्रम का समन्वय NIBSM के संयुक्त निदेशक डॉ. अनिल दीक्षित करेंगे।
