नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने अयोध्या स्थित श्री रामलला मंदिर के दान पात्रों से धनराशि चोरी की घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि इस घटना से करोड़ों रामभक्तों की भावनाओं और श्रद्धा को आघात पहुंचा है तथा पूरा हिंदू समाज इससे व्यथित है।
गुरुवार को जारी अपने बयान में होसबाले ने कहा कि श्री राम जन्मभूमि पर निर्मित भव्य मंदिर पीढ़ियों के संघर्ष और करोड़ों रामभक्तों के समर्पण, त्याग और बलिदान का प्रतीक है तथा यह संपूर्ण हिंदू समाज के लिए आस्था और श्रद्धा का केंद्र है।
उन्होंने बताया कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के आग्रह पर उत्तर प्रदेश सरकार ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है और उसकी अनुशंसा पर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएं, उन्हें कठोर दंड मिलना सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
आरएसएस सरकार्यवाह ने कहा कि इस घोर निंदनीय घटना को असाधारण मानते हुए मंदिर प्रबंधन और संचालन व्यवस्था की सभी कमियों को दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है, ताकि अयोध्या मंदिर पर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास अक्षुण्ण बना रहे। उन्होंने कहा कि वर्तमान भ्रम और असमंजस की स्थिति को शीघ्र समाप्त किया जाना चाहिए।
दत्तात्रेय होसबाले ने विश्वास जताया कि समुचित वित्तीय प्रबंधन, पारदर्शी व्यवस्थाओं और धार्मिक पवित्रता से परिपूर्ण वातावरण के माध्यम से श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास हिंदू समाज की आस्था और विश्वास को और मजबूत करेगा।
उन्होंने संपूर्ण हिंदू समाज से धैर्य और संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना का लाभ उठाकर हिंदू विरोधी और राष्ट्र विरोधी शक्तियों द्वारा हिंदू धर्म और समाज को बदनाम करने के किसी भी प्रयास को विफल किया जाना चाहिए।
