रायपुर। प्रदेश के हज यात्रियों की सुविधाओं में विस्तार करते हुए अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी की वेबसाइट www.chhattisgarhhaj.org का शुभारंभ किया। नई वेबसाइट के जरिए हज यात्रियों को यात्रा से संबंधित आवश्यक जानकारी और सूचनाएं ऑनलाइन उपलब्ध होंगी।

वेबसाइट पर हज यात्रा से जुड़े दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने की सुविधा भी दी गई है। इससे यात्रियों को जरूरी दस्तावेज जमा करने या अन्य जानकारी प्राप्त करने के लिए बार-बार रायपुर स्थित हज कमेटी के मुख्यालय आने की आवश्यकता कम होगी। इससे उनके समय और आने-जाने में होने वाले आर्थिक खर्च की बचत होगी।
वेबसाइट के माध्यम से हज यात्रियों को हज यात्रा से संबंधित समस्त जानकारी और जरूरी सूचनाएं त्वरित रूप से उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।

वेबसाइट के शुभारंभ के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के चेयरमैन एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त मिर्जा एजाज बेग, कमेटी सदस्य मौलाना अमीर बेग, कार्यपालन अधिकारी एवं सचिव डॉ. खुशबू उस्मान सहित कमेटी के कर्मचारी मौजूद रहे।
