रायपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायपुर के तत्वावधान में जिला न्यायालय परिसर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रायपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष बलराम प्रसाद वर्मा के मार्गदर्शन तथा प्रधान न्यायाधीश, कुटुंब न्यायालय सुधीर कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर जिला न्यायालय रायपुर के सभी न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला न्यायालय के कर्मचारी तथा पैरालीगल वॉलंटियर्स बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन और मानसिक संतुलन का संदेश दिया।



कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने सभी को योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने और स्वस्थ रहने के लिए नियमित योगाभ्यास करने के लिए प्रेरित किया। योग सत्र का संचालन छत्तीसगढ़ योग आयोग की मास्टर ट्रेनर एवं योग समाज सेविका पूनम शुक्ला ने किया। उन्होंने अपने 10 वर्षों के अनुभव साझा करते हुए प्रतिभागियों को तनावमुक्त एवं स्वस्थ जीवन के लिए विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा योग गुरु पूनम शुक्ला एवं बी. लक्ष्मण राव मोहन को स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए न्यायाधीशों और अधिवक्ताओं ने न्यायालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया। इस आयोजन के माध्यम से योग, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
