धमतरी। छत्तीसगढ़ आदिवासी, स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड (वन विभाग, छत्तीसगढ़ शासन) द्वारा बुधवार को धमतरी जिले के ग्राम राउतमुड़ा में सजीव वच विदोहन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें धमतरी और आदिवासी अंचल नारायणपुर (अबूझमाड़) के ग्रामीण किसानों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम ने किसानों से औषधीय पौधों की खेती अपनाकर शासन की योजनाओं का लाभ लेने और आर्थिक समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। वहीं बोर्ड के उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला ने कहा कि औषधीय पौधों की खेती को बढ़ावा देने के लिए बोर्ड किसानों की हर संभव सहायता करेगा।

कार्यक्रम की शुरुआत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के स्वागत के साथ हुई। इस दौरान बोर्ड के धमतरी को-ऑर्डिनेटर फकीरराम कोसरिया ने जिले में बोर्ड द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
बोर्ड के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जे.ए.सी.एस. राव ने बताया कि बोर्ड के “पैडी डायवर्सन मॉडल” के तहत किसानों को पारंपरिक धान खेती के विकल्प के रूप में ‘वच’ की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वच की खेती में लगभग 20 हजार रुपये की लागत आती है, जबकि एक वर्ष में एक एकड़ से करीब एक लाख रुपये की शुद्ध आय प्राप्त की जा सकती है।

प्रशिक्षण के दौरान किसानों को वच की जड़ों की वैज्ञानिक तरीके से हार्वेस्टिंग और प्रसंस्करण की जानकारी दी गई। खेत में ट्रैक्टर से आड़ी-तिरछी जुताई कर जड़ों को मिट्टी से बाहर निकाला गया। इसके बाद जड़ों को साफ कर छायादार स्थान पर एकत्रित किया गया और मुख्य जड़ों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर सुखाने की प्रक्रिया समझाई गई। सूखने के बाद इन्हें बिक्री के लिए तैयार किया जाएगा।
कार्यक्रम में बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम, उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जे.ए.सी.एस. राव, औषधीय पौधों की खेती के सलाहकार डी.के.एस. चौहान और को-ऑर्डिनेटर फकीरराम कोसरिया सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। धमतरी और नारायणपुर जिले के विभिन्न गांवों से करीब 50 किसानों ने इसमें भाग लिया।
कार्यक्रम के बाद बोर्ड के पदाधिकारियों ने धमतरी के ग्राम पोतियाडीह में मां गायत्री स्व सहायता समूह द्वारा की जा रही 2 एकड़ खस की खेती का निरीक्षण भी किया। समूह की महिलाओं ने बताया कि अगले सप्ताह खस की जड़ों की हार्वेस्टिंग की जाएगी, जिससे लगभग एक लाख रुपये की आय होने की संभावना है।
