रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट गैरज शासकीय कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों एवं प्रबंधकारिणी समिति के सदस्यों के निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। निर्वाचन अधिकारी आकाश सिंह ने चुनाव कार्यक्रम जारी करते हुए बताया कि संघ की वर्तमान कार्यकारिणी का कार्यकाल पूर्ण होने के बाद नए पदाधिकारियों के चुनाव कराए जाएंगे।
जारी कार्यक्रम के अनुसार संघ में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष और चार सदस्य पदों सहित कुल 9 पदों के लिए चुनाव होगा। चुनाव में भाग लेने वाले प्रत्याशियों को निर्धारित नामांकन शुल्क जमा करना होगा। अध्यक्ष पद के लिए 3500 रुपये, उपाध्यक्ष के लिए 3000 रुपये, सचिव के लिए 2500 रुपये, संयुक्त सचिव के लिए 2000 रुपये, कोषाध्यक्ष के लिए 1500 रुपये और सदस्य पद के लिए 1000 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
निर्वाचन कार्यक्रम के तहत अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 10 जून 2026 को किया जाएगा। मतदाता सूची पर आपत्ति और दावा प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 12 जून तथा उनके निराकरण की तिथि 13 जून निर्धारित की गई है। नामांकन पत्र 14 जून से 21 जून तक प्राप्त किए जा सकेंगे, जबकि 22 जून को नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया 23 जून को होगी और 24 जून को प्रत्याशियों की सूची का प्रकाशन तथा चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा।
संघ के चुनाव के लिए मतदान 28 जून 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा। इसके बाद उसी दिन दोपहर 3 बजे से मतगणना शुरू होगी और मतगणना पूर्ण होने के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान के समय मतदाताओं को अपना छत्तीसगढ़ स्टेट गैरज परिचय पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। साथ ही सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रत्याशियों और मतदाताओं को निर्वाचन संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
