रायपुर। राजधानी रायपुर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए सोमवार को रेलवे स्टेशन चौक से संजय गांधी चौक तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। डीसीपी यातायात डॉ. अर्चना झा के निर्देश पर यातायात पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया।
थाना प्रभारी यातायात फाफाडीह के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन चौक, गुरुद्वारा चौक से संजय गांधी चौक तक सड़क के दोनों ओर बेतरतीब ढंग से लगाए गए हाथ ठेले, गुमटियां और अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। इसके अलावा उन व्यापारियों पर भी कार्रवाई की गई, जिन्होंने दुकानों का सामान सड़क तक फैलाकर यातायात में बाधा उत्पन्न कर रखी थी।




अभियान के दौरान अतिक्रमणकर्ताओं को समझाइश देते हुए बताया गया कि सड़क और फुटपाथ आम नागरिकों के निर्बाध आवागमन के लिए हैं। सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण से यातायात प्रभावित होता है, दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है और लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है। साथ ही भविष्य में दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी भी दी गई।
संयुक्त कार्रवाई के बाद रेलवे स्टेशन चौक, गुरुद्वारा चौक और संजय गांधी चौक क्षेत्र में यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और व्यवस्थित नजर आई। स्थानीय नागरिकों, वाहन चालकों और राहगीरों ने अभियान की सराहना करते हुए ऐसे अतिक्रमण हटाओ अभियान नियमित रूप से चलाने की मांग की।




डीसीपी यातायात डॉ. अर्चना झा ने व्यापारियों और नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें तथा सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस और नगर निगम की ओर से ऐसे संयुक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।




