रायपुर। शिक्षा का अधिकार, समावेशी शिक्षा, यातायात सुरक्षा और दिव्यांगजनों के आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ ईगल स्पेशियली एबल्ड राइडर्स द्वारा निकाली गई 700 किलोमीटर की प्रेरणादायी बाइक यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हो गई।

प्रदेशाध्यक्ष जी. संदीप, सचिव सतेन्द्र मिर्जा और ऋषि मिश्रा के मार्गदर्शन में निकली यह यात्रा 3 मई 2026 को रायपुर से शुरू होकर 5 मई को मां दंतेश्वरी मंदिर, दंतेवाड़ा पहुंचकर अपने अंतिम पड़ाव तक पहुंची।



यात्रा को रायपुर के घड़ी चौक से राष्ट्रीय विकलांग अधिकार एवं कर्तव्य मंच के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ऋषि मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पहले दिन राइडर्स रायपुर से धमतरी पहुंचे, जहां चौक-चौराहों पर शिक्षा, यातायात सुरक्षा और हेलमेट उपयोग को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। एक्जिट फाउंडेशन की अध्यक्ष लक्ष्मी सोनी द्वारा जलपान और भोजन की व्यवस्था की गई। इसके बाद दल कांकेर पहुंचा, जहां जन सेवा फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री मोटवानी और उनकी टीम ने रात्रि विश्राम व भोजन की व्यवस्था की।.
दूसरे दिन कांकेर में देशभक्ति नारों और यातायात सुरक्षा संदेशों के साथ रैली निकाली गई। पूर्व सैनिक एसोसिएशन ने बस स्टैंड पर राइडर्स का उत्साहवर्धन किया। इसके बाद दल केशकाल घाटी होते हुए दंतेवाड़ा पहुंचा, जहां पुलिस पेट्रोलिंग टीम ने सुरक्षा में सहयोग किया और कोतवाली थाना प्रभारी ने रात्रि विश्राम की व्यवस्था कराई।


5 मई को राइडर्स ने मां दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन किए और दंतेवाड़ा शहर व बस्तर मड़ई में जागरूकता अभियान चलाया। वापसी के दौरान कोंडागांव में समाज कल्याण विभाग की उपसंचालक ललिता लकड़ा के मार्गदर्शन में रात्रि विश्राम और भोजन की व्यवस्था की गई।

6 मई को दल धमतरी पहुंचा, जहां समाजसेवी शिव प्रधान और उनकी टीम ने भव्य स्वागत किया। राइडर्स ने मां अंगार मोती मंदिर के दर्शन किए और गंगरेल बांध का भ्रमण किया। शहर में यातायात जागरूकता रैली भी निकाली गई। एक्जैक्ट फाउंडेशन, रूद्री धमतरी द्वारा रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई।
7 मई को सभी राइडर्स रायपुर लौटे और अपनी यात्रा पूर्ण की। इस प्रेरणादायी पहल की समाजसेवियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम नागरिकों ने सराहना की। यह यात्रा दिव्यांगजनों के साहस, आत्मविश्वास और सामाजिक जागरूकता का मजबूत संदेश बनकर सामने आई।
