रायपुर। आपातकाल की 51वीं वर्षगांठ और संविधान हत्या दिवस (25 जून) के अवसर पर प्रदेश के लोकतंत्र सेनानियों एवं लोकतंत्र प्रहरियों का विशाल सम्मेलन 28 जून को रायपुर के मेडिकल कॉलेज स्थित पंडित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निमंत्रण पर किया जा रहा है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह इसकी अध्यक्षता करेंगे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक एवं राष्ट्रीय मुस्लिम मंच के संस्थापक इंद्रेश कुमार मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे।
लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सच्चिदानंद उपासने ने बताया कि आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सहयोग से विद्यालय और महाविद्यालय स्तर पर “आपातकाल विस्मृत न हो” तथा “25 जून संविधान हत्या दिवस की प्रासंगिकता” विषयों पर निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं। इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मेलन के दौरान सम्मानित किया जाएगा।
विद्यालय और महाविद्यालय श्रेणी में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 31 हजार, 21 हजार और 11 हजार रुपये की नगद राशि तथा स्मृति चिह्न प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा प्रत्येक श्रेणी में 10-10 सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यालयों और महाविद्यालयों के प्राचार्यों को भी सम्मानित किया जाएगा।
उपासने ने बताया कि सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विशेष प्रतीक चिह्न प्रदान किया जाएगा, जबकि प्रतियोगिता में शामिल सभी 520 छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
लोकतंत्र प्रहरी के प्रदेश अध्यक्ष विशाल राजहंस ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान लोकतंत्र प्रहरी द्वारा प्रकाशित “आपातकाल योद्धा” स्मारिका का भी विमोचन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर के लोकतंत्र सेनानी परिवारों को मुख्यमंत्री की ओर से सम्मानपूर्वक आमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं। यह जानकारी प्रदेश मीडिया प्रभारी आलोक श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री से प्रतिनिधिमंडल की बैठक के बाद साझा की।
