रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के चेयरमैन (राज्य मंत्री दर्जा) मिर्जा एजाज बेग ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजीजू से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने हज 2027 के लिए छत्तीसगढ़ की प्रतीक्षा सूची में शामिल सभी आवेदकों को कन्फर्म करने का आग्रह किया।
मिर्जा एजाज बेग ने केंद्रीय मंत्री को हज 2026 के सफल आयोजन के लिए बधाई दी और इस दौरान हज यात्रियों के लिए उपलब्ध कराई गई व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ के हज यात्रियों से जुड़ी व्यवस्थाओं और तैयारियों को लेकर भी केंद्रीय मंत्री से विस्तार से चर्चा की।

बेग ने बताया कि हज के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया को आसान बनाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के कार्यालय में विशेष काउंटर की व्यवस्था की गई थी। इस काउंटर के माध्यम से बड़ी संख्या में हज यात्रियों ने आवेदन किया। इसके अलावा प्रदेश के लोगों को हज से संबंधित आवश्यक जानकारी आसानी से उपलब्ध कराने के लिए राज्य हज कमेटी की वेबसाइट भी शुरू की गई है।
भेंट के दौरान मिर्जा एजाज बेग ने केंद्रीय मंत्री से हज 2027 के लिए छत्तीसगढ़ की समस्त प्रतीक्षा सूची को कन्फर्म करने की प्रमुखता से मांग रखी। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजीजू ने इस संबंध में सकारात्मक आश्वासन दिया।
बेग ने कहा कि पिछले वर्षों की तुलना में आगामी हज यात्रा के लिए इस बार छत्तीसगढ़ से सर्वाधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें बड़ी संख्या में आवेदनों का कन्फर्मेशन भी हो चुका है। केंद्र और राज्य सरकार द्वारा हज यात्रियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और बेहतर व्यवस्थाओं को लेकर यात्रियों में उत्साह है।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के सदस्य मौलाना अमीर बेग भी उपस्थित रहे।
