रायपुर। छत्तीसगढ़ में MBBS इंटर्न्स को मिलने वाले स्टाइपेंड में बढ़ोतरी की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) छत्तीसगढ़ ने इंटर्न्स के हित में राज्यव्यापी अभियान शुरू किया है। वर्तमान में प्रदेश के MBBS इंटर्न्स को अगस्त 2023 से केवल ₹15,900 प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जा रहा है, जिसे छात्र और डॉक्टर संगठन राष्ट्रीय औसत की तुलना में काफी कम बता रहे हैं।
प्रदेशभर के मेडिकल छात्रों का समर्थन
IMA की इस मुहिम को मेडिकल छात्रों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। संगठन के अनुसार, अब तक राज्य के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों से 6,468 से अधिक प्रतिक्रियाएं प्राप्त हो चुकी हैं। इसमें प्रथम वर्ष के छात्रों से लेकर वर्तमान इंटर्न्स तक सभी शैक्षणिक वर्षों के विद्यार्थी शामिल हैं।
JNM मेडिकल कॉलेज के डीन को सौंपा ज्ञापन
IMA छत्तीसगढ़ की योजना के तहत प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों के डीन को ज्ञापन सौंपा जा रहा है। इसी क्रम में रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में छात्रों ने डीन को ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान IMA छत्तीसगढ़ के Convener डॉ. शाहदिल खुसरू और IMA MSN रायपुर के चेयरमैन डॉ. संजीव श्रीवास्तव उपस्थित रहे। डीन ने ज्ञापन को आवक-जावक शाखा भेजते हुए आगे की आवश्यक प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। बताया जा रहा है कि ज्ञापन को स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न स्तरों पर कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा।
सरकार के सामने रखी जाएगी मांग
IMA छत्तीसगढ़ ने बताया कि सभी मेडिकल कॉलेजों में ज्ञापन सौंपने के बाद स्टाइपेंड वृद्धि की मांग राज्य सरकार के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाई जाएगी। संगठन की ओर से यह ज्ञापन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को सौंपा जाएगा।
इंटर्न्स की भूमिका अहम
IMA का कहना है कि अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाओं में इंटर्न्स की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। लंबे समय तक मरीजों की सेवा करने वाले युवा डॉक्टरों को सम्मानजनक स्टाइपेंड मिलना आवश्यक है। अब छात्रों और संगठन की नजर राज्य सरकार के आगामी फैसले पर टिकी हुई है।
