रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर में देशभर के उद्योगपतियों और कारोबारियों का बड़ा जमावड़ा होने जा रहा है। सेक्टर-20 स्थित भव्य शांति शिखर भवन में रविवार, 13 सितंबर 2026 को सुबह 10.30 बजे प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के उद्योग-व्यापार प्रभाग के तत्वावधान में अखिल भारतीय उद्योगपति एवं व्यापारी महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में देश के नामचीन कॉर्पोरेट लीडर्स, उद्योगपति और कारोबारी शामिल होंगे।
‘सचेत पूंजीवाद’ पर होगा मंथन
महासम्मेलन का विषय ‘सचेत पूंजीवाद-दिशाहीन दुनिया में मकसद के साथ प्रॉफिट’ (Conscious Capitalism – Profit with Purpose in a Distracted World) रखा गया है। आयोजकों के मुताबिक, तेजी से बदलते और प्रतिस्पर्धी कारोबारी माहौल में उद्योग जगत तनाव, चिंता और अनिश्चितता जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे में व्यवसाय को केवल मुनाफे का माध्यम न बनाकर उसमें आत्मिक शांति, मानवीय मूल्य और मधुर संबंधों को भी स्थान देने पर सम्मेलन में विचार-विमर्श किया जाएगा।
रायपुर सेवाकेंद्र की संचालिका ब्रह्माकुमारी सविता दीदी ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य व्यवसाय और आध्यात्मिक शांति के बीच संतुलन स्थापित करने का संदेश देना है।
पद्मश्री सवजी ढोलकिया होंगे मुख्य अतिथि
सम्मेलन के मुख्य अतिथि हरि कृष्णा एक्सपोर्ट्स, सूरत के फाउंडर पद्मश्री सवजी भाई ढोलकिया होंगे। हीरा उद्योग में अपनी पहचान बनाने वाले ढोलकिया कर्मचारियों को दिवाली पर कार और मकान जैसे उपहार देने के लिए भी चर्चित रहे हैं।
वहीं, विराज प्रोफाइल्स प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर नीरज राजा कोचर (मुंबई) सम्मानित अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। मुंबई की प्रसिद्ध कॉर्पोरेट ट्रेनर ब्रह्माकुमारी क्रिना मुख्य वक्ता के रूप में उद्योग जगत से जुड़े लोगों को मार्गदर्शन देंगी।
सरकार और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि होंगे शामिल
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन, छत्तीसगढ़ राज्य केन्द्रीय औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, अविनाश ग्रुप के डायरेक्टर आनंद सिंघानिया, छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश थौरानी और कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमर पारवानी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इसके अलावा ब्रह्माकुमारीज़ इंदौर जोन की डायरेक्टर ब्रह्माकुमारी हेमलता दीदी और रायपुर सेवाकेंद्र की संचालिका ब्रह्माकुमारी सविता दीदी भी सम्मेलन को संबोधित करेंगी।
निःशुल्क होगा रजिस्ट्रेशन
महासम्मेलन में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है। इच्छुक व्यापारी और उद्योगपति निमंत्रण कार्ड में दिए गए QR कोड को स्कैन कर पंजीकरण करा सकते हैं। इसके अलावा 9425202355, 7489946997 और 78989002255 पर संपर्क किया जा सकता है।
शहरवासियों के लिए रायपुर के शांति सरोवर (सड्डू), शांति शिखर (नवा रायपुर) और विश्व शांति भवन (चौबे कॉलोनी) में राजयोग अनुभूति शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों पर सुबह और शाम 7 से 8 बजे दो सत्रों में शिविर होंगे।
