रायपुर। राजधानी के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक शातिर चोर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उज्जवल पटेल उर्फ टार्ज़न (40) निवासी जनता कॉलोनी, कबीर नगर, थाना गुढ़ियारी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 1.60 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी अनुप दुबे ने 9 मई 2026 को अपनी होंडा शाइन बाइक (सीजी 04 पीजेड 4259) एमपी कॉम्प्लेक्स, गुढ़ियारी के पास खड़ी की थी। कुछ देर बाद लौटने पर बाइक गायब मिली। शिकायत के आधार पर गुढ़ियारी थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा और थाना प्रभारी गुढ़ियारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम उज्जवल पटेल उर्फ टार्ज़न बताया और बरामद बाइक के चोरी का होना स्वीकार किया।
सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने गुढ़ियारी क्षेत्र से तीन अन्य दोपहिया वाहन चोरी करने की बात भी कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर कुल चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

