रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के चेयरमैन मिर्जा एजाज बेग और शहर सीरतुन्नबी कमेटी के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री निवास में सौजन्य भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पैगंबर हजरत मुहम्मद स.अ.व. के जन्मदिवस ईद मिलादुन्नबी की मुख्यमंत्री को बधाई एवं मुबारकबाद दी।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर शहर सीरतुन्नबी कमेटी की ओर से आयोजित होने वाले जुलूसे मुहम्मदी सहित अन्य कार्यक्रमों की जानकारी दी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हज कमेटी के चेयरमैन मिर्जा एजाज बेग, शहर सीरतुन्नबी कमेटी के पदाधिकारियों और मुस्लिम समाज को ईद मिलादुन्नबी की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पैगंबर हजरत मुहम्मद ने दुनिया को आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का संदेश दिया है। आज जरूरत है कि उनके इन संदेशों को आत्मसात कर समाज में आपसी सद्भाव और भाईचारे को और मजबूत किया जाए।
इस दौरान शहर सीरतुन्नबी कमेटी के सद्र सोहेल सेठी और बदरुद्दीन खोखर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
