भिलाई। भारत सरकार के इस्पात सचिव संदीप पौंड्रिक (आईएएस) ने अपने एक दिवसीय दौरे पर सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ सेल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (अतिरिक्त प्रभार) कृष्ण कुमार सिंह और इस्पात मंत्रालय के संयुक्त सचिव अभिजीत नरेंद्र भी मौजूद रहे।
भिलाई निवास पहुंचने पर निदेशक प्रभारी चित्त रंजन महापात्र सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। इस मौके पर सीआईएसएफ के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया।इसके बाद इस्पात सचिव ने ‘इस्पात भवन’ में संयंत्र के शीर्ष प्रबंधन और कार्यपालक निदेशकों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में कार्यपालक निदेशक (रावघाट) अरुण कुमार ने रावघाट परियोजना की प्रगति पर प्रस्तुति दी, वहीं शालिनी चौरसिया ने उत्पादन, तकनीकी-आर्थिक मानकों और वित्तीय स्थिति की जानकारी साझा की।



समीक्षा के दौरान संदीप पौंड्रिक ने संयंत्र के प्रदर्शन की सराहना करते हुए प्रबंधन को भविष्य के लिए और अधिक महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय करने तथा उत्पादन लागत में स्थायी कमी लाने पर जोर दिया।
दौरे के क्रम में उन्होंने मुख्य द्वार स्थित सुरक्षा उत्कृष्टता केंद्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद कोक ओवन बैटरी नंबर-8 की परियोजना स्थल पर पहुंचकर चल रहे कार्यों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दौरे के अंत में अतिथियों को पुनः गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जिसके बाद वे रायपुर के लिए रवाना हो गए। इस दौरान संयंत्र के विभिन्न विभागों के मुख्य महाप्रबंधक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
