रायपुर। भाठागांव से जुड़े मामले में ब्रम्हा सोनकर की प्रेस वार्ता पर प्रतिक्रिया देते हुए भारत भूषण सिंह ठाकुर और कौशल सोनकर ने लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार और भ्रामक बताया है। उन्होंने कहा कि यह विवाद जनहित से जुड़ा नहीं, बल्कि अवैध वसूली और दबाव बनाने की कोशिश का हिस्सा है।
जारी बयान में दोनों ने आरोप लगाया कि ब्रम्हा सोनकर और उनके सहयोगी दीपक सिंह लोगों पर पैसों के लिए दबाव बनाते हैं। उनका कहना है कि जो व्यक्ति पैसे देने से मना करता है, उसके खिलाफ झूठी और मनगढ़ंत शिकायतें सामने लाई जाती हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह का रवैया लंबे समय से अपनाया जा रहा है, जिससे आम लोगों में भय का माहौल बन रहा है। उनके मुताबिक, ऐसे कृत्य ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली जैसे गंभीर अपराध की श्रेणी में आते हैं।
बयान में यह भी उल्लेख किया गया कि ब्रम्हा सोनकर से जुड़े कुछ पुराने विवाद भी सामने आ चुके हैं। पुरानी बस्ती क्षेत्र में जमीन विवाद के एक मामले में उनके परिजनों द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसकी जांच पुलिस ने की थी और मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है।
ठाकुर और कौशल सोनकर ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि वसूली और ब्लैकमेलिंग के आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि वे जांच में पूरा सहयोग करेंगे और अपनी प्रतिष्ठा की रक्षा के लिए आवश्यक कानूनी कदम उठाएंगे।


