नई दिल्ली। अयोध्या में बुधवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में पूज्य गोविंद देव गिरी जी महाराज को ट्रस्ट का नया महामंत्री बनाए जाने सहित कई महत्वपूर्ण नियुक्तियां की गईं। विश्व हिंदू परिषद (VHP) के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता आलोक कुमार ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी हैं।
आलोक कुमार ने कहा कि गोविंद देव गिरी जी महाराज का महामंत्री के रूप में दायित्व संभालना आनंद का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनका नेतृत्व ट्रस्ट के कार्यों के लिए मार्गदर्शक साबित होगा।
उन्होंने श्री महेश भागचंदका को ट्रस्टी एवं कोषाध्यक्ष बनाए जाने का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भागचंदका श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन की अग्रिम पंक्ति में रहे हैं और वर्तमान में श्री अशोक सिंघल फाउंडेशन के माध्यम से अशोक सिंघल जी के कार्यों एवं हिंदुत्व से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं। उनका अनुभव ट्रस्ट के लिए उपयोगी होगा।
अधिवक्ता मदन मोहन पांडेय को ट्रस्टी बनाए जाने पर आलोक कुमार ने कहा कि वे श्रीराम जन्मभूमि की न्यायिक लड़ाई में समर्पित अधिवक्ता रहे हैं और मुकदमे की जीत में उनका विशिष्ट योगदान रहा है। ट्रस्टी के रूप में उनकी विधिक विशेषज्ञता और अनुभव का ट्रस्ट को लाभ मिलेगा।
श्रीमती निर्मला यादव की ट्रस्टी के रूप में नियुक्ति का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि इससे हिंदू समाज के विभिन्न वर्गों का ट्रस्ट में प्रतिनिधित्व बढ़ेगा। उन्होंने इसे नारी शक्ति के सम्मान का प्रतीक बताते हुए कहा कि श्रीराम जन्मभूमि से जुड़े कार्यों में मातृशक्ति की भागीदारी महत्वपूर्ण है।
एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र बने CEO
ट्रस्ट ने एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र को मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। आलोक कुमार ने उनकी नियुक्ति पर बधाई देते हुए कहा कि वे वरिष्ठ, सम्मानित और अनुभवी व्यक्तित्व हैं। उनका व्यापक अनुभव ट्रस्ट के कार्यों को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने में सहायक होगा।
विश्व हिंदू परिषद ने विश्वास जताया कि अनुभवी सदस्यों के जुड़ने से श्रीराम मंदिर से जुड़े कार्यों को और अधिक दक्षता के साथ पूरा किया जा सकेगा। आलोक कुमार ने कहा कि अयोध्या से रामराज्य का मार्ग और अधिक प्रशस्त होगा।
