रायपुर। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने हेतु सरोजिनी दामोदरन फाउंडेशन (SDF) ने विद्याधन छत्तीसगढ़ छात्रवृत्ति कार्यक्रम 2026 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह पहल इंफोसिस के सह-संस्थापक एस. डी. शिबुलाल और कुमारी शिबुलाल द्वारा स्थापित फाउंडेशन के माध्यम से संचालित की जा रही है।
फाउंडेशन के अनुसार, वर्ष 1999 से संचालित यह छात्रवृत्ति कार्यक्रम देश के 26 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में लागू है। अब तक 78 हजार से अधिक विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की जा चुकी है, जबकि वर्तमान में 18 हजार से अधिक छात्र इस योजना का लाभ उठा रहे हैं।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस छात्रवृत्ति के लिए वही विद्यार्थी पात्र होंगे जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय 2 लाख रुपये से कम है। आवेदक को वर्ष 2026 में छत्तीसगढ़ से कक्षा 10वीं की परीक्षा में न्यूनतम 80 प्रतिशत अंक या 8 सीजीपीए के साथ उत्तीर्ण होना चाहिए। वहीं, दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए न्यूनतम 65 प्रतिशत अंक या 6.5 सीजीपीए निर्धारित किया गया है।
कितनी मिलेगी छात्रवृत्ति?
चयनित विद्यार्थियों को इंटरमीडिएट (11वीं-12वीं) की पढ़ाई के दौरान प्रति वर्ष 10 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। इसके बाद शैक्षणिक प्रदर्शन के आधार पर डिग्री पाठ्यक्रमों के लिए 15 हजार रुपये से 25 हजार रुपये प्रति वर्ष तक की सहायता प्रदान की जाएगी।
आवेदन की अंतिम तिथि
पात्र विद्यार्थी 30 अगस्त 2026 तक www.vidyadhan.org� वेबसाइट या SDF Vidya App (Google Play Store पर उपलब्ध) के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
संपर्क
अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी chhattisgarh@sdfoundationindia.com पर ईमेल कर सकते हैं या हेल्पडेस्क नंबर 080-68333500 एवं 9663517131 पर संपर्क कर सकते हैं। फाउंडेशन ने स्पष्ट किया है कि छात्र वेबसाइट के माध्यम से निःशुल्क आवेदन कर सकते हैं।
