रायपुर। तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन के सनातन धर्म को लेकर दिए गए बयान के विरोध में राजधानी रायपुर में धार्मिक संगठनों और संत समाज ने नाराजगी जताई। धर्म स्तंभ काउंसिल के अंतर्गत रुद्र सेना और अखिल भारतीय हिन्दू परिषद के पदाधिकारियों ने आजाद चौक थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा और उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
संगठनों के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि सनातन धर्म की तुलना बीमारियों से करना करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बयान है। उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म के खिलाफ इस प्रकार की टिप्पणी सामाजिक सौहार्द और संवैधानिक मूल्यों के विपरीत है। ज्ञापन में धार्मिक वैमनस्य फैलाने और सामाजिक शांति भंग करने से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की गई है।
रुद्र सेना एवं अखिल भारतीय हिन्दू परिषद के प्रदेश अध्यक्ष आलोक पांडे ने कहा कि देश में सभी धर्मों के सम्मान की परंपरा रही है और किसी भी धर्म को समाप्त करने जैसी भाषा स्वीकार्य नहीं हो सकती। उन्होंने प्रशासन से मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान धर्म काउंसिल से जुड़े पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन इस मामले में कानूनी लड़ाई लड़ेगा। उन्होंने “सनातन रक्षक फंड” बनाए जाने की घोषणा करते हुए कहा कि सनातन धर्म के खिलाफ कथित आपत्तिजनक बयानों के मामलों में कानूनी सहायता दी जाएगी।
ज्ञापन सौंपने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में आलोक पांडे, महंत योगेश गिरी, महंत नर्मदा दास, महंत लक्ष्मण दास, सेवक वासुदेव वैष्णव, संत राम कीर्तन दास, मंडलेश्वर कृष्ण बिहारी दास समेत बड़ी संख्या में संत और कार्यकर्ता शामिल रहे। संगठनों ने युवाओं से सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाने की भी अपील की।
