रायपुर। रायपुर सीए जागरण समूह द्वारा स्वदेशी शोध संस्थान के सहयोग से स्वदेशी भवन में “छत्रपति शिवाजी महाराज : एक कुशल प्रशासक, वित्तीय रणनीतिकार और सुशासन के प्रतीक” विषय पर एक प्रेरक एवं विचारोत्तेजक व्याख्यान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सीए प्रफुल्ल पेंडसे ने अपने उद्बोधन में कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज केवल एक महान योद्धा ही नहीं, बल्कि एक दूरदर्शी प्रशासक, उत्कृष्ट वित्तीय रणनीतिकार और आदर्श सुशासन के प्रतीक थे। उन्होंने शिवाजी महाराज के प्रशासन, आर्थिक नीतियों, संसाधनों के कुशल प्रबंधन, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्र निर्माण के दृष्टिकोण को वर्तमान समय के संदर्भ में सरल भाषा में प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि आज के चार्टर्ड अकाउंटेंट, व्यापारी, उद्योगपति, युवा एवं समाज का प्रत्येक वर्ग शिवाजी महाराज के जीवन से नेतृत्व, प्रबंधन, अनुशासन एवं राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा प्राप्त कर सकता है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जगदीश पटेल, प्रांत संयोजक, स्वदेशी जागरण मंच, छत्तीसगढ़ ने स्वदेशी विचार, आत्मनिर्भरता एवं भारतीय जीवन मूल्यों की प्रासंगिकता पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भारत के समग्र विकास के लिए स्वदेशी चिंतन को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाना आवश्यक है।
कार्यक्रम का संपूर्ण संचालन स्वदेशी शोध संस्थान के जिला संयोजक सीए किशोर बरड़िया द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज का जीवन केवल इतिहास का विषय नहीं, बल्कि वर्तमान और भविष्य के नेतृत्व, वित्तीय अनुशासन, सुशासन एवं राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा है। पूरे कार्यक्रम के दौरान उन्होंने वक्ताओं का परिचय, विषयों का समन्वय तथा उपस्थित अतिथियों का आत्मीय स्वागत करते हुए कार्यक्रम को सहज, प्रभावशाली एवं रोचक ढंग से संचालित किया, जिसकी उपस्थितजनों ने सराहना की।
इस अवसर पर स्वदेशी शोध संस्थान की ओर से जगदीश पटेल, अनुराग पाण्डेय एवं सीए किशोर बरड़िया सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सीए राजेश राठी, सीए लक्ष्मण राठौर, सीए सिद्धार्थ पारख, सीए विकास शाह, सीए प्रखर जैन सहित बड़ी संख्या में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, व्यापारी, उद्योगपति एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
