रायपुर। प्रदेश में गौठानों की स्थिति को लेकर पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि गौठानों में इतना बुरा हाल है कि आए दिन मवेशी सड़कों पर है। इसके चलते दुर्घटनाएं हो रही है। सरगुजा जिले में तो एक पंचायत के लोग गुहार लगाने पूरे मवेशी लेकर कलेक्ट्रेट में आ गए थे। अमरजीत ने कहा, भाजपा सरकार में सुनने वाला कोई नहीं है। गोबर खरीदी योजना से लोगों को फायदा पहुंच रहा था। सरकार ने कांग्रेस की इस योजना को बंद कर दिया।
पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के बयान पर पलटवार करते हुए मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा है कि गौठान योजना कांग्रेस के समय शुरू तो की गई थी, लेकिन उनके रखरखाव और चारे के लिए पर्याप्त राशि की व्यवस्था स्पष्ट रूप से निर्धारित नहीं की गई थी। वर्तमान सरकार ने गौठानों की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए काम शुरू किया है। अभी अव्यवस्था की कोई बड़ी शिकायत नहीं आई है। आने वाले समय में गौठानों की संख्या और सुविधाएं बढ़ाई जाएगी। सरकार की मंशा है कि गौ माताओं की बेहतर देखरेख और उनके लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए।
UCC पर अमरजीत भगत और राजेश अग्रवाल क्या बोले?
प्रदेश में UCC लागू करने को लेकर पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने कहा, UCC लागू करने से क्या होगा? क्या जनता का भला होगा? लोगो को परेशान करने के लिए योजना ला रहे हैं। ये जन विरोधी है। उन्होंन कहा, जिन राज्यों में चुनाव होता है वहां भाजपा UCC भी लागू करते हैं, SIR भी करते हैं। जैसे ही चुनाव समाप्त होता है उसकी चर्चा करना भूल जाते हैं। अल्पसंख्यक लोगों को परेशान करने के लिए UCC ला रहे हैं।
यूसीसी पर पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के बयान पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा, कांग्रेस हर अच्छे काम का विरोध करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जितनी भी योजनाएं लेकर आए हैं, उनका प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जनता को लाभ मिला है। यूसीसी भी पूरे प्रदेश में लागू होगा, जिसका लाभ जनता को मिलेगा।
बारिश खत्म होते ही शुरू होगा सड़कों का काम : अग्रवाल
प्रदेश में सड़कों की खराब स्थिति पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा, प्रदेश में जहां भी सड़कें ज्यादा खराब हैं, वहां मरम्मत के लिए टेंडर हो चुके हैं। पिछले वर्ष डामर के रेट बढ़ने के कारण मार्च के बाद कई ठेकेदारों ने काम शुरू नहीं किया, जिसकी वजह से सड़कों की दुर्दशा की खबरें ज्यादा सामने आईं। बारिश खत्म होते ही सड़कों पर काम शुरू हो जाएगा। आने वाले 4 से 6 महीने में प्रदेश की सभी खराब सड़कों की मरम्मत का काम शुरू कर दिया जाएगा। अंबिकापुर में रायगढ़ रोड समेत बड़े कामों के टेंडर हो चुके हैं। जहां भी सड़कें खराब हैं, वहां टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द काम शुरू होगा।
नक्सलवाद पर भूपेश बघेल के बयान पर मंत्री का पलटवार
नक्सलवाद पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा, रमन सिंह की सरकार से पहले नक्सलवाद खत्म करने के लिए गंभीरता से प्रयास नहीं किए गए। रमन सिंह के प्रयासों से गांवों में विकास कार्य हुए और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में काफी सुधार आया। हमारे गृहमंत्री ने भी दृढ़ संकल्प दिखाया है कि छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश से नक्सलवाद समाप्त होगा। कांग्रेस के किसी भी नेता ने इस तरह का दृढ़ संकल्प नहीं लिया। सरकार के मंत्रियों और सुरक्षा बलों ने मिलकर काम किया है। आज छत्तीसगढ़ नक्सलमुक्त होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। जनता जानती है कि किसके कार्यकाल और किसके दृढ़ संकल्प से यह संभव हुआ।
फर्जी टोल फ्री नंबर के जरिए हो रही ठगी, सावधानी बरतें
पर्यटन विभाग में फर्जी टोल फ्री नंबर के जरिए हो रही ठगी के मामले में मंत्री ने कहा, मामले की जानकारी मिलने के बाद संबंधित नंबरों की रिपोर्ट की गई है। विभाग की ओर से आधिकारिक टोल फ्री नंबर जारी किया गया है, ताकि पर्यटकों के साथ ठगी न हो। साइबर सेल को भी सूचना दी गई है, ताकि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
