रायपुर/अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन द्वारा श्री अग्रवाल सभा अंबिकापुर और सरगुजा संभागीय अग्रवाल महासभा के आतिथ्य में 19 और 20 सितंबर को अंबिकापुर में ‘अग्र महाकुंभ 2026- सेवा, शक्ति और सामर्थ्य का संगम’ आयोजित किया जाएगा। दो दिवसीय प्रांतीय अधिवेशन एवं दशम अग्र अलंकरण समारोह में छत्तीसगढ़ समेत देश के विभिन्न हिस्सों से अग्रवाल समाज के पदाधिकारी, समाजसेवी, उद्यमी, युवा और महिला प्रतिनिधि शामिल होंगे।
19 सितंबर को दोपहर 12 बजे होने वाले भव्य उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल करेंगे। राष्ट्रीय संरक्षक सियाराम अग्रवाल, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री एवं आयोजन संरक्षक राजेश अग्रवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, बसना विधायक संपत अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल और सांसद चिंतामणि महाराज सहित कई विशिष्टजन उपस्थित रहेंगे।
‘अग्र-मंथन’ से होगी शुरुआत
आयोजन की शुरुआत 19 सितंबर को सुबह 10 बजे ‘अग्र-मंथन-2026’ से होगी। ‘चिंतन से निर्णय-निर्णय से दिशा’ की थीम पर समाज की वर्तमान स्थिति, बदलती सामाजिक परिस्थितियों, संगठन की भूमिका और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा होगी।
इसके बाद दोपहर 12 से 2 बजे उद्घाटन सत्र, दोपहर 3 से 5 बजे महिला अधिवेशन और शाम 5 से 6 बजे युवा अधिवेशन होगा। महिला अधिवेशन में महिला शक्ति, सामाजिक सहभागिता और संगठनात्मक भूमिका पर चर्चा के साथ ‘अग्र कुल दर्शन’ पत्रिका का विमोचन किया जाएगा। युवा अधिवेशन में नेतृत्व, उद्यमिता और समाज निर्माण में युवाओं की भूमिका पर संवाद होगा।
शाम 6 से 8 बजे सांस्कृतिक संध्या में अंबिकापुर की महिलाओं और बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियां होंगी।
चार ख्यातिप्राप्त कवि सजाएंगे हास्य-काव्य की शाम
पहले दिन रात 8 बजे से अखिल भारतीय कवि सम्मेलन होगा। इसमें दिल्ली के कुशल कुशलेन्द्र, उज्जैन के हिमांशु बवंडर, सूरत की सोनल जैन और इटावा के देवेंद्र प्रताप ‘आग’ अपनी प्रस्तुतियां देंगे। हास्य, व्यंग्य, गीत, शृंगार और ओज से सजी इस शाम को आयोजन का प्रमुख आकर्षण बताया जा रहा है।
योग, AI और स्वास्थ्य पर भी होगी चर्चा
20 सितंबर को सुबह 6:30 से 7:45 बजे तक योग एवं तनावमुक्त जीवनशैली शिविर आयोजित होगा। इसके बाद सुबह 10 से 11:30 बजे ‘खुला संवाद-समाज से, समाज के लिए’ में विभिन्न अग्रवाल सभाओं के पदाधिकारी और प्रतिनिधि सामाजिक चुनौतियों व भविष्य की दिशा पर चर्चा करेंगे। इसी सत्र में आधुनिक दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग और संभावनाओं पर कार्यशाला भी होगी।
सुबह 11:30 से दोपहर 1 बजे तक विशेषज्ञ चिकित्सकों का स्वास्थ्य जागरूकता सत्र होगा। इसमें डॉ. बी.बी. अग्रवाल, डॉ. अनिमेष चौधरी, डॉ. आंचल अग्रवाल चौधरी, रक्त विशेषज्ञ डॉ. विकास गोयल और डॉ. विकास कुमार अग्रवाल मार्गदर्शन देंगे।
18 श्रेणियों में होगा ‘दशम अग्र अलंकरण’
दूसरे दिन ‘दशम अग्र अलंकरण समारोह-2026’ में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं और समाजसेवी व्यक्तित्वों को 18 अलग-अलग अलंकरणों से सम्मानित किया जाएगा। सम्मानित व्यक्तियों को 11 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि, प्रशस्ति पत्र और स्मृति-चिह्न प्रदान किए जाएंगे। इनमें अग्र-भूषण, अग्र-सृजन, अग्र-शिरोमणि, अग्र-पुंज, अग्र-विशारद और अग्र-श्रेष्ठ सहित विभिन्न सम्मान शामिल हैं।
‘परिवारोत्सव’ में रिश्तों और संस्कारों पर संवाद
शाम 5 बजे प्रसिद्ध प्रेरक वक्ता मनीष वाघसिया, सूरत ‘परिवारोत्सव-प्रेम, विश्वास और संस्कारों का उत्सव’ विषय पर प्रस्तुति देंगे। इसमें परिवार की एकजुटता, रिश्तों में विश्वास, पीढ़ियों के बीच संवाद और भारतीय संस्कारों पर चर्चा होगी। सत्र का संचालन मुकेश गर्ग, सूरजपुर और संजीव अग्रवाल, रायपुर करेंगे।
समापन सत्र में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि होंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल अध्यक्षता करेंगे, जबकि सांसद चिंतामणि महाराज और पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
आयोजन के संयोजक सुभाष गोयल और कन्हैयालाल अग्रवाल ने बताया कि महाकुंभ की परिकल्पना समाज के हर आयु वर्ग को जोड़ने के उद्देश्य से की गई है। आयोजन में संवाद, स्वास्थ्य, सम्मान, संस्कार और परिवार जैसे विभिन्न आयामों को एक मंच पर लाया गया है।
प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल ने कहा कि ‘अग्र महाकुंभ 2026’ समाज की सामूहिक शक्ति और सहभागिता का उत्सव है। उद्देश्य है कि अंबिकापुर से संगठन की शक्ति, सेवा की संवेदना, संस्कारों की जड़ें और नई पीढ़ी के सपनों का सकारात्मक संदेश पूरे प्रदेश तक पहुंचे।
