रायपुर। बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। 2 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 3 और 4 नवंबर को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं। इस दौरान एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर और आसपास के इलाकों में 2 नवंबर को आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, शहर में वर्षा, गरज-चमक और अंधड़ चल सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
बीते 24 घंटे में ऐसा रहा प्रदेश का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बलरामपुर में सर्वाधिक 5 सेंटीमीटर और ओरछा में 1 सेंटीमीटर बारिश हुई। तापमान की बात करें तो जगदलपुर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेण्ड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
3 नवंबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की संभावना
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ 2 नवंबर की सुबह तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके 3 नवंबर की सुबह दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट पर नेल्लोर और नरसापुर के बीच टकराने की संभावना जताई गई है।
इस दौरान हवा की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि झोंकों की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है।
छत्तीसगढ़ में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
चक्रवात का असर तटीय क्षेत्रों के अलावा छत्तीसगढ़, तेलंगाना, रायलसीमा और दक्षिण ओडिशा में भी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ में 3 और 4 नवंबर को मध्य एवं दक्षिणी हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। इस दौरान हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।
वहीं, 2 नवंबर को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा के साथ बिजली गिरने की संभावना है। आगामी दिनों में अनेक स्थानों पर मध्यम बारिश तथा कहीं-कहीं अति भारी वर्षा और गरज-चमक के आसार हैं।
चक्रवात ‘मुरासु’ के प्रभाव को देखते हुए अगले तीन दिन छत्तीसगढ़ के मौसम के लिहाज से महत्वपूर्ण रहने वाले हैं।
