रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की पिंक पेट्रोल यूनिट ने अपनी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से भटके हुए दो वर्षीय मासूम बच्चे को सुरक्षित उसके परिजनों से मिला दिया। घटना गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के कर्मा चौक की है, जहां पिंक पेट्रोल टीम की संवेदनशीलता से बच्चा सकुशल अपने परिवार तक पहुंच सका।

पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को उत्तर जोन की पिंक पेट्रोल टीम कर्मा चौक क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान टीम को करीब दो वर्षीय एक बालक अकेले रोता हुआ मिला। कम उम्र होने के कारण वह अपना नाम या अपने माता-पिता के बारे में कोई जानकारी नहीं दे पा रहा था।
इसके बाद पिंक पेट्रोल टीम ने बच्चे को सुरक्षित संरक्षण में लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। लगातार प्रयास के बाद बच्चे के चाचा रोहन ध्रुव का पता चला, जिन्हें मौके पर बुलाकर बच्चे की पहचान कराई गई। बाद में बच्चे के माता-पिता पूजा ध्रुव और हीराधार ध्रुव को सूचना देकर बुलाया गया। आवश्यक सत्यापन के बाद मासूम को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
अपने बच्चे को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने रायपुर पुलिस कमिश्नरेट और पिंक पेट्रोल यूनिट का आभार व्यक्त किया। पुलिस ने कहा कि पिंक पेट्रोल यूनिट महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए लगातार सक्रिय है और किसी भी आपात स्थिति में नागरिक इसकी सहायता ले सकते हैं।
