विशाखापत्तनम। आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम स्थित आंध्र प्रदेश विश्वविद्यालय के डॉ. वाई.वी.एस. मूर्ति ऑडिटोरियम में 16-17 सितंबर 2026 को भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ की 13वीं कार्यकारिणी बैठक आयोजित की गई। नव आंध्र प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में आठ राज्यों के 400 से अधिक श्रमजीवी पत्रकारों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस और भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ के संस्थापक-सचिव शाहनवाज हसन के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम से हुई। इस दौरान पत्रकारिता और संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा भी की गई।
बैठक में संघ के संस्थापक-सचिव शाहनवाज हसन ने छत्तीसगढ़ के रायपुर निवासी वरिष्ठ श्रमजीवी पत्रकार आसिफ इकबाल को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित करने की घोषणा की। आसिफ इकबाल वर्ष 1971 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्हें पुरस्कार के साथ 11 हजार रुपये की सम्मान राशि भी प्रदान की गई।
मुख्य अतिथि एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य जी.वी.एल. नरसिम्हा राव, शाहनवाज हसन, नव आंध्र प्रदेश पत्रकार संघ के वीरभद्र राव, संघ के महासचिव गिरधर शर्मा और भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार कृष्णमोहन झा ने आसिफ इकबाल को शॉल, स्मृति चिन्ह और 11 हजार रुपये की राशि देकर सम्मानित किया। सम्मान के दौरान सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इस अवसर पर भिलाई के पत्रकार श्रीधर राव, उत्तराखंड की गायत्री, पश्चिम बंगाल के शुभेंदु चटर्जी, चित्तूर के अली खान, तमिलनाडु के विकी पंजवानी, लवलेश द्विवेदी, रायपुर के शेख आबिद, विशाखापत्तनम के राघवेंद्र मिश्रा, साहेबगंज के अरविंद ठाकुर और रांची के नजरुल इस्लाम सहित अन्य पत्रकारों ने आसिफ इकबाल को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
