श्री माता वैष्णो देवी संघर्ष समिति की बैठक के बाद विजय यात्रा, NMC के फैसले को बताया न्याय की जीत
रायपुर। श्री माता वैष्णो देवी संघर्ष समिति के कोर ग्रुप की एक महत्वपूर्ण बैठक आज संपन्न हुई, जिसमें पिछले 45 दिनों से चले आ रहे घटनाक्रम और नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) के हालिया निर्णय पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के बाद समिति के संयोजक कर्नल सुखवीर सिंह मनकोटिया के नेतृत्व में एक भव्य प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें आंदोलन की सफलता और आगे की रणनीति पर प्रकाश डाला गया।
प्रेस को संबोधित करते हुए कर्नल मनकोटिया ने सबसे पहले प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 45 दिनों तक चले इस संघर्ष को जन-जन तक पहुँचाने में मीडिया ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा का धन्यवाद करते हुए कहा कि श्राइन बोर्ड की यूनिवर्सिटी में पाई गई अनियमितताओं के कारण मेडिकल कॉलेज की अनुमति रद्द किया जाना न्याय की जीत है। उन्होंने इसे करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान बताते हुए केंद्र सरकार की संवेदनशीलता की सराहना की।
कर्नल मनकोटिया ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से आग्रह किया कि वे श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड को स्पष्ट निर्देश जारी करें, ताकि संस्थान में सनातन धर्म की परंपराओं और संस्कृति का पूर्ण सम्मान सुनिश्चित हो। समिति ने श्राइन बोर्ड के बायलॉज में संशोधन कर बोर्ड में हिंदुओं की सहभागिता बढ़ाने तथा योग, वेद और संस्कृत पर शोध कार्य शुरू करने की मांग भी की। उन्होंने स्पष्ट किया कि समिति का उद्देश्य केवल विरोध नहीं, बल्कि धर्म और मर्यादा की रक्षा है और इसके लिए प्रशासन को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
इस अवसर पर परषोत्तम दधीचि ने आंदोलन के वैचारिक पक्ष को रखते हुए कहा कि पूरे संघर्ष के दौरान अनुशासन और मर्यादा बनाए रखी गई। उन्होंने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की सकारात्मक भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि यदि किसी भी स्तर पर भावावेश में कोई तीखी टिप्पणी हुई हो, तो उसे जनआक्रोश के रूप में देखा जाना चाहिए।
समिति ने गर्व के साथ कहा कि यह आंदोलन हिंदू एकता का प्रतीक बना, जिसमें सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक संगठनों और बार एसोसिएशन ने एकजुट होकर साथ दिया। सभी सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
प्रेस वार्ता के बाद समिति के सदस्यों और समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य विजय यात्रा निकाली। यह यात्रा परेड ग्राउंड से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए ऐतिहासिक श्री रघुनाथ मंदिर पहुँची, जहाँ सदस्यों ने भगवान का आशीर्वाद लिया। पूरे मार्ग में ‘जय माता दी’ और ‘जय श्री राम’ के जयघोष गूंजते रहे।
संघर्ष समिति ने संकल्प दोहराया कि भविष्य में भी श्री माता के कार्यों के प्रति वे पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ जुड़े रहेंगे तथा श्राइन बोर्ड के कार्यों को धर्मानुकूल बनाए रखने के लिए सतत प्रयास करेंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक और प्रेस वार्ता में प्रभात सिंह, अक्षय कुमार, अरुण गुप्ता, शिल्पी वर्मा, संजय गुप्ता, आर. के. चिब्बर, एडवोकेट दीपक शर्मा, एडवोकेट बलदेव सिंह, सरदार करण सिंह वजीर, सी.एम. सेठ, दीपक गुप्ता, अक्षी बिलोरिया, प्रीति चौधरी, अभिषेक गुप्ता, सुभाष जंडियाल, सुशांत शर्मा, कार्तिक सूदन एवं अन्य गणमान्य सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।






