स्व. कुलदीप निगम की 23वीं पुण्यतिथि पर वृद्धाश्रम व बालगृह में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित
रायपुर। प्रेस क्लब रायपुर के पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष, छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद के संस्थापक सदस्य एवं प्रथम महासचिव तथा माना कैम्प में छत्तीसगढ़ के प्रथम वृद्धाश्रम की स्थापना करने वाले वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी स्व. कुलदीप निगम की 23वीं पुण्यतिथि के अवसर पर 16 दिसंबर, मंगलवार को श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।


इस अवसर पर माना कैम्प स्थित कुलदीप निगम वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों को चरण पादुका के साथ फल एवं खाद्य सामग्री वितरित की गई। साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद द्वारा संचालित मानसिक दिव्यांग बालगृह (बालक) एवं बाल जीवन ज्योति बालिका गृह, माना कैम्प में रहने वाले बच्चों को फल के साथ चिप्स, कुरकुरे एवं चॉकलेट वितरित किए गए।
वृद्धाश्रम परिसर में स्व. कुलदीप निगम की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इसके अलावा बालगृह में उनके छायाचित्र पर भी माल्यार्पण कर उनके द्वारा समाज के लिए किए गए कार्यों का स्मरण किया गया। इसी क्रम में स्व. कुलदीप निगम के पैतृक ग्राम नर्रा स्थित शासकीय कुलदीप निगम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पुष्पांजलि कार्यक्रम में कृष्ण कुमार निगम, बिमल घोषाल, राजेन्द्र निगम, प्रीति निगम, आशीष निगम, अभिषेक सिंह, श्वेता सिंह, पारुल चक्रवर्ती, काजल दास सहित संबंधित संस्थानों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






