सड़क सुरक्षा के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम 16 मार्च को, बनेगा रोड सेफ्टी क्लब
रायपुर। सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए और आम नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सुरक्षित भव फाउंडेशन द्वारा 16 मार्च 2026 (सोमवार) को दोपहर 3 बजे से विशेष सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान रोड सेफ्टी क्लब का भी गठन किया जाएगा।

कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के नियमों, सुरक्षित ड्राइविंग, दुर्घटना की स्थिति में प्राथमिक सहायता तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में निभाई जाने वाली भूमिका के प्रति जागरूक करना है। प्रशिक्षण सत्र में विशेषज्ञों द्वारा हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व, तेज गति से वाहन चलाने के दुष्परिणाम, यातायात नियमों का पालन करने की आवश्यकता तथा दुर्घटना होने पर तुरंत उठाए जाने वाले जरूरी कदमों की जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त, रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रतिनिधि सहित सुरक्षित भव फाउंडेशन के चेयरमैन, डायरेक्टर, डिप्टी डायरेक्टर और अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहेंगे। सभी अतिथि सड़क सुरक्षा के महत्व पर अपने विचार रखेंगे और नागरिकों को सुरक्षित यातायात संस्कृति अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।
इस अवसर पर सड़क दुर्घटना के दौरान पीड़ितों की मदद करने वाले लोगों का सम्मान भी किया जाएगा। साथ ही युवाओं और नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति लगातार सक्रिय रखने के उद्देश्य से रोड सेफ्टी क्लब का औपचारिक गठन किया जाएगा। यह क्लब समय-समय पर जागरूकता अभियान, प्रशिक्षण कार्यक्रम और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगा।
सुरक्षित भव फाउंडेशन ने नागरिकों, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों से इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर सड़क सुरक्षा के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने की अपील की है।







