राजधानी में नाबालिग लड़की की लाश मिलने से हड़कंप, पिछले तीन दिनों से घर से थी लापता
रायपुर। राजधानी रायपुर में एक नाबालिग लड़की की लाश झाड़ियों में मिलने से हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि मृतिका शादी-पार्टियों में कैटरिंग टीम में काम करती थी। पिछले तीन दिनों से वह घर नही लौटी थी। लड़की के शरीर पर चोट के गंभीर निशान मिले है। पुलिस ने इस घटना को दुष्कर्म और हत्या से जोड़कर देख रही है। पुलिस ने इस मामले में अपराध दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक हत्या की ये वारदात राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि अमलीडीह स्थित पुलिस कॉलोनी के पास एक सुनसान प्लॉट में शनिवार को 17 वर्षीय नाबालिग लड़की का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद राजेंद्र नगर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव की हालत देखकर साफ है कि किशोरी की बेरहमी से हत्या की गई है। उसके शरीर पर कई जगह पर गंभीर चोट और घसीटे जाने के निशान पाए गए हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में अनुमान है कि वारदात कहीं और हुई और बाद में शव को सुनसान जगह में लाकर फेंक दिया गया। मृतिका की पहचान के बाद जब पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की, तो पता चला कि वह गुरुवार दोपहर घर से निकली थी। उसके बाद वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला, तब परिजनों ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस को मृतिका के प्रेम प्रसंग की भी जानकारी मिली है।
परिजनों के बयान और मृतका के मोबाइल रिकॉर्ड से पुलिस को पता चला है कि वह किसी युवक के संपर्क में थी। इस एंगल को ध्यान में रखते हुए पुलिस अब मोबाइल के कॉल डिटेल रिकॉर्ड और लोकेशन डंप की जांच कर रही है। पुलिस टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना के समय आसपास की गतिविधियों का सुराग मिल सके.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस हत्या की वारदात में एक से अधिक व्यक्ति शामिल हो सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि घटनास्थल की परिस्थितियाँ इस बात की ओर संकेत करती हैं कि अपराध की प्रकृति योजनाबद्ध हो सकती है। हालांकि दुष्कर्म की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद होगी। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य और डीएनए सैंपल कब्जे में लिए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच तेज की गई है और जल्द ही इस मामले में लिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी कर खुलासा किया जायेगा।






