महामाया देवी मंदिर परिसर में 8 दिवसीय गुप्त नवरात्रि व भागवत कथा सप्ताह की सोमवार से होगी शुरूआत
रायपुर। श्री महामाया देवी मंदिर न्यास के तत्वाधान में पुरानी बस्ती स्थित श्री महामाया देवी मंदिर परिसर में 19 से 26 जनवरी तक गुप्त नवरात्रि महोत्सव एवं श्रीमद् भागवत् कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन की व्यासपीठ पर मथुरा–वृंदावन से पधार रहे श्रद्धेय मारूतिनंदनाचार्य वागीश जी महाराज श्रीमद् भागवत कथा का वाचन करेंगे। वे 18 जनवरी को संध्या 5 बजे इंडिगो विमान से माना विमानतल पहुंचेंगे।
महोत्सव का शुभारंभ 19 जनवरी को प्रातः 9 बजे श्री महामाया देवी मंदिर प्रांगण में पूजा-अर्चना के पश्चात भव्य शोभायात्रा के साथ होगा। कथा वाचन प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से संध्या 6 बजे तक किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण करेंगे।
न्यास समिति के अध्यक्ष व्यास नारायण तिवारी, आयोजन समिति के समन्वय वरिष्ठ सदस्य चंद्रशेखर दुबे, न्यास समिति के सचिव दुर्गा प्रसाद पाठक एवं मंदिर व्यवस्थापक पं. विजय कुमार झा ने संयुक्त पत्रकार वार्ता में आयोजन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 20 जनवरी को श्री कुन्ती स्तुति, भीष्म स्तुति एवं श्री शुकदेव प्राकट्य का प्रसंग होगा। 21 जनवरी को श्री ध्रुव चरित्र, श्री प्रहलाद चरित्र एवं श्री नृसिंह अवतार की कथा सुनाई जाएगी।
22 जनवरी को श्री वामन अवतार, श्री रामावतार, भगवती श्री महामाया देवी प्राकट्य एवं श्रीकृष्ण अन्नोत्त का वर्णन किया जाएगा। 23 जनवरी को बाललीला, गोवर्धन पूजा एवं छप्पन भोग का आयोजन होगा। 24 जनवरी को महारास कथा एवं श्रीकृष्ण–रुक्मणी विवाह उत्सव संपन्न होगा। 25 जनवरी को सुदामा चरित्र, श्रीकृष्ण–उद्धव संवाद के साथ कथा विश्राम होगा।
26 जनवरी को प्रातः 9 बजे से श्री गीतापाठ, तुलसी वर्षा, कपिला गौ पूजा, तर्पण, पूर्णाहुति, ब्राह्मण भोजन तथा राजभोग-भंडारा आयोजित किया जाएगा। वहीं 27 जनवरी को प्रातः 11 बजे गुरु, आयोजक परिवार, मंदिर आचार्य, पुजारीगण, पंडितगण एवं कर्मचारीगण का मिलन समारोह आयोजित कर विधिवत विदाई दी जाएगी।






