अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद छत्तीसगढ़ का 58वां प्रदेश अधिवेशन संपन्न, रायपुर के प्रथम राव फुटाने नियुक्त हुए प्रदेश सह मंत्री
रायपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी), छत्तीसगढ़ प्रदेश का 58वां प्रदेश अधिवेशन 19 से 21 दिसंबर 2025 तक भिलाई स्थित कला मंदिर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अधिवेशन के दौरान संगठन की आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई और नए संगठनात्मक दायित्वों की घोषणा की गई।
इसी क्रम में रायपुर निवासी प्रथम राव फुटाने को सत्र 2025–26 के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, छत्तीसगढ़ प्रदेश का सह मंत्री एवं प्रदेश मीडिया संयोजक नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही वे राष्ट्रीय मीडिया टोली के सदस्य भी रहेंगे।
प्रथम राव फुटाने टिकरापारा स्थित सत्यनारायण चौक, रायपुर के निवासी हैं और वर्ष 2019 से एबीवीपी से सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। संगठन में रहते हुए उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। पूर्व में वे रायपुर पूर्व भाग सोशल मीडिया संयोजक, रायपुर महानगर पर्यावरण गतिविधि (SFD) संयोजक, रायपुर पूर्व भाग संयोजक, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, दो बार रायपुर महानगर मंत्री, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य तथा प्रदेश मीडिया संयोजक जैसे पदों पर कार्य कर चुके हैं।
नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश सह मंत्री प्रथम राव फुटाने ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सभी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं मार्गदर्शकों का वे हृदय से आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने उन पर विश्वास कर यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा। उन्होंने कहा कि वरिष्ठों के मार्गदर्शन, प्रेरणा और सहयोग से ही यह संभव हो पाया है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे संगठन के प्रति पूर्ण निष्ठा, समर्पण और कर्तव्यबोध के साथ छात्रहित एवं राष्ट्रहित में कार्य करते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक गति प्रदान करेंगे।






