रायपुर प्रेस क्लब के नव निर्वाचित पदाधिकारियों का श्रमजीवी पत्रकार संघ ने किया सम्मान
रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब के नव निर्वाचित पदाधिकारियों मोहन तिवारी, गौरव शर्मा, दिलीप साहू, भूपेश जांगड़े और दिनेश यदु का छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश कार्यालय में सम्मान एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संघ के पदाधिकारियों ने नव निर्वाचित प्रतिनिधियों का रामचरित मानस भेंट कर अभिनंदन किया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी, प्रदेश संयोजक राजेश मिश्रा, कोषाध्यक्ष अनिल पवार, उपाध्यक्ष भरत योगी और रायपुर जिलाध्यक्ष राम साहू उपस्थित रहे। वहीं प्रेस क्लब रायपुर और श्रमजीवी पत्रकार संघ के पदाधिकारियों द्वारा चुनाव संचालक प्रकाश शर्मा, प्रशांत शर्मा, राम अवतार तिवारी, बृजेश चौबे और संदीप पौराणिक का भी सम्मान किया गया।



समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी ने कहा कि मोहन तिवारी ने श्रमजीवी पत्रकार संघ में जिलाध्यक्ष, संभाग अध्यक्ष और प्रदेश सचिव जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का सफल निर्वहन किया है और वर्तमान में वे प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि तिवारी का अनुभव और पत्रकार हितों के लिए किया गया संघर्ष प्रेस क्लब को नई दिशा देगा।
कार्यक्रम में प्रकाश शर्मा, राम अवतार तिवारी, बृजेश चौबे, संदीप पौराणिक और राजेश मिश्रा ने भी अपने विचार साझा किए। नव निर्वाचित अध्यक्ष मोहन तिवारी और महासचिव गौरव शर्मा ने पत्रकारों के हित में किए गए सभी वादों को पूरा करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम का संचालन राम साहू ने किया, जबकि अंत में आभार प्रदर्शन कोषाध्यक्ष अनिल पवार ने किया।






