भूपेश बघेल के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई, तीन अलग अलग गाड़ियों में पहुंची टीम
भिलाई/रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भिलाई-3 स्थित निवास पर शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) की एक दर्जन सदस्यीय टीम ने दबिश दी। तीन अलग-अलग गाड़ियों में आई ED टीम भारी दस्तावेज़ी तैयारी के साथ पहुंची और निवास में पूछताछ एवं तलाशी की कार्रवाई शुरू की।
यह छापेमारी महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले से जुड़े होटल कारोबारी विजय अग्रवाल के यहां दो दिन पहले हुई रेड से जुड़ी मानी जा रही है। सूत्रों के अनुसार, ईडी को कुछ ऐसे दस्तावेज मिले हैं, जिनके तार पूर्व मुख्यमंत्री से जुड़े हो सकते हैं।
क्या है ताजा अपडेट?
- ईडी की कार्रवाई सुबह-सुबह अचानक शुरू हुई।
- भूपेश बघेल के निवास पर तीन गाड़ियों में आई टीम ने दस्तावेजों की जांच शुरू की।
- सुरक्षा के मद्देनज़र कॉलोनी के मुख्य गेट पर बैरिकेडिंग की गई है।
- भारी संख्या में CAF के जवान और पुलिस अधिकारी मौके पर तैनात हैं।
- पिछली बार छापेमारी के दौरान ईडी की गाड़ी पर पथराव हुआ था, जिसके मद्देनज़र इस बार सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त है।
आज चैतन्य बघेल का जन्मदिन
संयोग से आज भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल का जन्मदिन भी है। इस मौके पर बड़ी संख्या में समर्थकों के पहुंचने की संभावना है। प्रशासन और पुलिस को आशंका है कि भारी भीड़ जमा हो सकती है, इसलिए फोर्स की संख्या बढ़ा दी गई है।
कांग्रेस का तीखा हमला
ईडी की इस कार्रवाई को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने X (पूर्व ट्विटर) पर सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस ने लिखा:
“आज अडानी के पेड़ कटाई का मुद्दा विधानसभा में जोर शोर से उठाने जा रहे थे, उससे पहले साहब ने अपना खेल खेल दिया। गजब की सेवादारी है।”
पिछली कार्रवाइयों की कड़ी
भूपेश बघेल के ठिकानों पर इससे पहले भी महादेव सट्टा ऐप, शराब घोटाला और अन्य वित्तीय मामलों को लेकर ईडी की छापेमारी हो चुकी है। अब यह दबिश, विजय अग्रवाल के घर हुई रेड से जुड़ते हुए एक नई जांच की दिशा में इशारा कर रही है।
सुरक्षा व्यवस्था और जनता की नजरें
ईडी की टीम के निवास पहुंचते ही पूरा क्षेत्र छावनी में तब्दील हो गया। कॉलोनी में बाहरी लोगों की आवाजाही बंद कर दी गई है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।





