भिलाई इस्पात संयंत्र के सीओ एंड सीसीडी विभाग में ‘सुरक्षा जागरूकता माह-2026’ का आगाज़
भिलाई। सेल–भिलाई इस्पात संयंत्र के कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग (सीओ एंड सीसीडी) में 1 जनवरी 2026 से ‘सुरक्षा जागरूकता माह’ की औपचारिक शुरुआत की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य महाप्रबंधक (सीओ एंड सीसीडी) तुलाराम बेहरा ने सुरक्षा ध्वज फहराकर किया और अधिकारियों व कर्मचारियों को सुरक्षित कार्य प्रणाली अपनाने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर विभाग ने वर्ष 2026 के लिए ‘मिशन जीरो हार्म’ का लक्ष्य तय करते हुए सुरक्षा को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
अपने संबोधन में श्री बेहरा ने सुरक्षा संदेशों को जमीनी स्तर तक, विशेषकर ठेका श्रमिकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्यस्थल पर सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि संगठन की संस्कृति का प्रतिबिंब होनी चाहिए।


इसी क्रम में ‘सुरक्षा मित्र योजना’ के तहत 61 ठेका श्रमिकों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने सुरक्षा प्रश्नोत्तरी, टूल बॉक्स टॉक और फुल बॉडी हार्नेस से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कार्यस्थल सुरक्षा के प्रति अपनी जागरूकता दिखाई।
कार्यक्रम में ऑफिसर्स एसोसिएशन, श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि, कार्मिक विभाग के अधिकारी और सुरक्षा समिति के सदस्य सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी की सक्रिय भागीदारी ने सुरक्षा अभियान के प्रति विभागीय एकजुटता को दर्शाया। पुरस्कार वितरण और सामूहिक संकल्प के साथ शुरू हुआ यह सुरक्षा जागरूकता माह संयंत्र में शून्य दुर्घटना के लक्ष्य की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।






