रायपुर प्रेस क्लब की ‘खेल मड़ई’ शुरू होने को तैयार, स्व. कुलदीप निगम स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए टीमें आमंत्रित
रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब का वार्षिक खेलकूद महोत्सव “खेल मड़ई” जल्द शुरू होने जा रहा है। इसकी शुरुआत “स्व. कुलदीप निगम स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता” से होगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए टीमें आमंत्रित की गई हैं। इच्छुक टीमें 7 दिनों के भीतर 14 सदस्यीय टीम सूची प्रेस क्लब कार्यालय में जमा कर सकती हैं।
प्रतियोगिता के लिए टीम गठन संबंधी नियम इस प्रकार हैं—
- प्रतियोगिता में केवल रायपुर प्रेस क्लब के सदस्य ही भाग ले सकेंगे। टीम सूची में प्रत्येक खिलाड़ी का सदस्यता क्रमांक अनिवार्य रूप से दर्ज करना होगा।
- टीम में एक ही संस्थान के खिलाड़ियों का होना जरूरी नहीं है। खिलाड़ियों की संख्या कम होने पर अन्य संस्थानों के खिलाड़ियों को शामिल कर संयुक्त टीम बनाई जा सकती है।
- सभी मैच टेनिस बॉल (कास्को) से खेले जाएंगे। लीग मैच 10-10 ओवर के होंगे, जबकि सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले 12-12 ओवर के खेले जाएंगे।
- सभी खिलाड़ियों को एक ही रंग की टी-शर्ट पहनना अनिवार्य होगा। टीम प्रबंधन अपनी पसंद की जर्सी उपलब्ध करा सकता है।
- सभी टीमों से अनुशासन बनाए रखने की अपेक्षा की जाती है। किसी भी विवाद की स्थिति में अंपायर का निर्णय अंतिम होगा। मैदान पर अमर्यादित व्यवहार या अनुशासनहीनता पाए जाने पर खिलाड़ी अथवा पूरी टीम पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
- प्रत्येक टीम को अपने निर्धारित मैच समय से कम से कम 30 मिनट पहले मैदान में उपस्थित होना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय पर उपस्थित न होने की स्थिति में वॉकओवर दिया जा सकता है।






